220 टन रेत से साकार हुआ भव्य राम दरबार, अयोध्या का दीपोत्सव-2026 विश्व रिकॉर्ड में दर्ज
Triangle News
विशेष रिपोर्ट
अनुराग सिंह बिष्ट
उत्तर प्रदेश/अयोध्या
58 फीट लंबी और 20 फीट ऊंची भव्य कलाकृति ने खींचा आकर्षण, अंतरराष्ट्रीय सैंड आर्टिस्ट मधुरेंद्र कुमार की उपलब्धि को मिली वैश्विक पहचान
अयोध्या। रामनगरी अयोध्या में योगी सरकार के दीपोत्सव-2026 के दौरान सरयू की रेत से तैयार भव्य राम दरबार और राम मंदिर की विशाल कलाकृति आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी। अंतरराष्ट्रीय सैंड आर्टिस्ट मधुरेंद्र कुमार ने करीब 220 टन रेत का इस्तेमाल कर 58 फीट लंबी और 20 फीट ऊंची इस अद्भुत कलाकृति को साकार किया। इस उपलब्धि को बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया है और इसका डिजिटल प्रमाणपत्र भी जारी हुआ है।
कलाकृति के निर्माण का कार्य 30 अक्टूबर को शुरू हुआ था, जिसे सात दिनों की मेहनत के बाद 7 नवंबर को पूरा किया गया। रेत से निर्मित इस विशाल राम दरबार में कलाकार ने अपनी कला और कल्पनाशीलता का अनूठा प्रदर्शन किया। दीपोत्सव के दौरान इस कलाकृति को देखने के लिए लोगों में खासा उत्साह रहा।
उपराष्ट्रपति और मुख्यमंत्री ने की कलाकार की सराहना
दीपोत्सव के अवसर पर उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कलाकृति का अवलोकन किया। उन्होंने कलाकार मधुरेंद्र कुमार के प्रयास और उनकी कलात्मक प्रतिभा की सराहना की। उपराष्ट्रपति ने कलाकार का उत्साह बढ़ाते हुए ‘वेल डन’ कहा।
गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराने की तैयारी
कलाकार मधुरेंद्र कुमार के अनुसार, यह उनकी पहली और विश्व की सबसे लंबी रेत से निर्मित राम दरबार कलाकृति है। इसे गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराने की प्रक्रिया भी जारी है। बिहार के पूर्वी चंपारण निवासी मधुरेंद्र कुमार अब तक 25 से अधिक देशों में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं और 12 से अधिक विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर चुके हैं।
अयोध्या के दीपोत्सव में रेत से साकार हुआ यह भव्य राम दरबार भारतीय कला, आस्था और कलाकार की साधना का अनूठा संगम बनकर सामने आया। इस उपलब्धि ने दीपोत्सव-2026 को एक और विशेष पहचान दी।
TRIANGLE NEWS LUCKNOW
सच के साथ, सबसे आगे…