धनतेरस पर 860 परिवारों को मिली खुशियों की सौगात, नैमिष नगर और वरुण विहार में भूखण्डों का लॉटरी से आवंटन पूरा
Triangle News
Report: Rajesh Saxena | Manya Saxena
ट्राएंगल न्यूज़ लखनऊ
राजधानी / लखनऊ। धनतेरस की संध्या पर लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने 860 परिवारों को भूखण्ड आवंटन की सौगात दी। शुक्रवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में नैमिष नगर और वरुण विहार योजना के प्रथम चरण की लॉटरी प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही दोनों योजनाओं के कुल 4,539 भूखण्डों का आवंटन संपन्न हो गया। लॉटरी में अपने नाम की पर्ची निकलते ही सफल आवेदकों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली। कई लोगों की आंखें खुशी से नम हो गईं।
एलडीए की ओर से आयोजित अंतिम दिन की लॉटरी में आवेदकों को खुले मंच पर बुलाकर उन्हीं के हाथों से ड्रॉ की पर्चियां निकलवाई गईं। पूरी प्रक्रिया का यूट्यूब चैनल पर लाइव प्रसारण भी किया गया।
वरुण विहार योजना में 727 भूखण्ड आवंटित
अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा ने बताया कि इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के जुपिटर सभागार में वरुण विहार योजना के प्रथम चरण की लॉटरी आयोजित की गई। अंतिम दिन 162, 288, 300 और 450 वर्ग मीटर क्षेत्रफल के कुल 727 भूखण्डों का आवंटन किया गया।
नैमिष नगर योजना में 133 भूखण्डों का ड्रॉ
अपर सचिव सीपी त्रिपाठी ने बताया कि मार्स हॉल में नैमिष नगर योजना के प्रथम चरण की लॉटरी आयोजित हुई। इसमें 288 और 450 वर्ग मीटर क्षेत्रफल के कुल 133 भूखण्डों का आवंटन किया गया।
तीन दिनों में 4,539 भूखण्डों का आवंटन
एलडीए के अनुसार, नैमिष नगर और वरुण विहार योजनाओं के लिए 24 सितंबर से 27 अक्टूबर 2026 के बीच ऑनलाइन पंजीकरण कराया गया था। दोनों योजनाओं में कुल 38,457 लोगों ने पंजीकरण कराया।
लॉटरी प्रक्रिया के तहत पहले दिन 2,243 भूखण्डों, दूसरे दिन 1,436 भूखण्डों और अंतिम दिन 860 भूखण्डों का ड्रॉ निकाला गया। इस प्रकार तीन दिनों में कुल 4,539 भूखण्डों का आवंटन पूरा हुआ।
लाइव प्रसारण और खुली प्रक्रिया की आवेदकों ने की सराहना
लॉटरी की पूरी प्रक्रिया यूट्यूब चैनल पर लाइव प्रसारित की गई। कई आवेदकों ने लाइव प्रसारण के माध्यम से अपना नाम देखने के बाद इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान पहुंचकर प्रक्रिया में हिस्सा लिया। सफल आवेदकों ने लॉटरी के आयोजन और पारदर्शिता की सराहना की।
अधिकारियों की मौजूदगी में संपन्न हुई प्रक्रिया
इस अवसर पर अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा एवं सीपी त्रिपाठी, वित्त नियंत्रक अनिल कुमार सिंह, संयुक्त सचिव सोमकमल सीताराम, उप सचिव माधवेश कुमार, विशेष कार्याधिकारी राजीव कुमार और रोहित सिंह सहित एलडीए के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
धनतेरस के अवसर पर भूखण्ड आवंटन की प्रक्रिया पूरी होने से सफल आवेदकों के लिए यह दिन यादगार बन गया।
ट्राएंगल न्यूज़ लखनऊ — सच के साथ, सबसे आगे…