दत्तोपंत ठेंगड़ी की जयंती पर लखनऊ में स्वदेशी संकल्प दिवस का आयोजन, गांधी प्रतिमा पर लिया गया स्वदेशी अपनाने का संकल्प
Triangle News
रिपोर्ट: Manya Saxena
TRIANGLE NEWS LUCKNOW
राजधानी / लखनऊ। राष्ट्र ऋषि एवं स्वदेशी जागरण मंच के संस्थापक दत्तोपंत ठेंगड़ी की जन्म जयंती के अवसर पर मंगलवार को देशभर में स्वदेशी संकल्प दिवस मनाया गया। इसी क्रम में राजधानी लखनऊ के हजरतगंज स्थित गांधी प्रतिमा पर अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल एवं स्वदेशी जागरण मंच से जुड़े पदाधिकारियों ने श्रद्धांजलि अर्पित कर स्वदेशी अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं स्वदेशी व्यापारी मंच के राष्ट्रीय सह संयोजक संदीप बंसल, स्वदेशी जागरण मंच के पूर्वी उत्तर प्रदेश संयोजक अनुपम श्रीवास्तव, व्यापार मंडल के राष्ट्रीय मंत्री प्रदीप अग्रवाल और लखनऊ महानगर अध्यक्ष सुरेश छाबलानी सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने का आह्वान
कार्यक्रम में संदीप बंसल ने उपस्थित लोगों को स्वदेशी का संकल्प दिलाते हुए अपनी भाषा, वेशभूषा, आचार-विचार, इतिहास और सांस्कृतिक विरासत को सदैव स्मरण रखने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि "स्वदेशी बढ़ेगा तो देश बढ़ेगा।" हमें विदेशी खानपान और विदेशी पहनावे को श्रेष्ठ मानने की मानसिकता से बाहर निकलकर अपने देश में निर्मित उत्पादों को प्राथमिकता देनी चाहिए। देश की भाषा, संस्कृति और पारंपरिक पहनावे को सम्मान देना भी स्वदेशी भावना का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
10 से 16 नवंबर तक मनाया जाएगा स्वदेशी संकल्प सप्ताह
संदीप बंसल ने बताया कि उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में स्वदेशी के विषय पर गोष्ठियों एवं जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। दत्तोपंत ठेंगड़ी की जयंती के अवसर पर 10 नवंबर से 16 नवंबर तक स्वदेशी संकल्प सप्ताह आयोजित किया जाएगा।
इस दौरान लोगों को भारतीय उत्पादों के उपयोग, स्थानीय व्यापार को बढ़ावा देने और देश की आर्थिक मजबूती में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
कई प्रमुख पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता रहे उपस्थित
कार्यक्रम में प्रदेश संगठन मंत्री जावेद बेग, लखनऊ के वरिष्ठ महामंत्री राजीव कक्कड़, अनुज गौतम, युवा इकाई के महामंत्री शुभम मौर्या, कोषाध्यक्ष मुकेश कुमार नाग, पूर्व पार्षद बीना गुप्ता, वरिष्ठ उपाध्यक्ष रमेश शुक्ला, अमरनाथ चौधरी, मुकेश अग्रवाल, मुकेश साहू, सोशल प्रभारी असीम चंद्रा, मंत्री वकील अहमद सहित स्वदेशी जागरण मंच के अनुपम कुमार श्रीवास्तव, विनीत बिसारिया, संदीप सिंह और विनय सिंह समेत अनेक लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से स्वदेशी उत्पादों को अपनाने, स्थानीय व्यापार को प्रोत्साहित करने और भारतीय संस्कृति एवं आर्थिक आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया।
TRIANGLE NEWS LUCKNOW
सच के साथ, सबसे आगे…