नई पीढ़ी तक पहुंचाएं मौलाना आज़ाद के विचार और आदर्श : सिराज मेहंदी
Triangle News
विशेष रिपोर्ट
अनुराग सिंह बिष्ट
राजधानी/लखनऊ
मौलाना अबुल कलाम आज़ाद की जयंती पर प्रेस क्लब में भव्य आयोजन, शिक्षा, राष्ट्रीय एकता और भाईचारे का दिया संदेश
समाज, शिक्षा, चिकित्सा, पत्रकारिता और खेल जगत की विशिष्ट हस्तियों को ‘मौलाना आज़ाद सम्मान’ से किया गया सम्मानित
लखनऊ। देश के प्रथम शिक्षा मंत्री, महान स्वतंत्रता सेनानी, प्रख्यात शिक्षाविद् एवं भारत रत्न मौलाना अबुल कलाम आज़ाद की जयंती के अवसर पर नेशनल इत्तेहाद-ए-मिल्लत कनेक्शन की ओर से लखनऊ प्रेस क्लब में भव्य एवं गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मौलाना आज़ाद के बहुआयामी व्यक्तित्व, संघर्षपूर्ण जीवन और राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की गई। वक्ताओं ने उनके विचारों को वर्तमान समय में भी प्रासंगिक बताते हुए नई पीढ़ी तक पहुंचाने पर जोर दिया।
समारोह में वक्ताओं ने कहा कि मौलाना अबुल कलाम आज़ाद का संपूर्ण जीवन देश की आज़ादी, राष्ट्रीय एकता, सांप्रदायिक सौहार्द, आपसी भाईचारे और शिक्षा के प्रसार के लिए समर्पित रहा। उनका मानना था कि शिक्षा किसी भी समाज और राष्ट्र की उन्नति का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने आधुनिक शिक्षा की मजबूत बुनियाद रखने के साथ गंगा-जमुनी तहज़ीब, साझा संस्कृति और हिंदू-मुस्लिम एकता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पांच विशिष्ट हस्तियों को मिला ‘मौलाना आज़ाद सम्मान’
कार्यक्रम के दौरान समाज, शिक्षा, चिकित्सा, पत्रकारिता और खेल जगत में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विशिष्ट हस्तियों को ‘मौलाना आज़ाद सम्मान’ से सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर ऑफ सर्जरी डॉ. के.के. सिंह, साइक्लिंग चैंपियन एवं एशिया रिकॉर्ड धारक (1990) डॉ. सैयद सरदार नवाब, वरिष्ठ पत्रकार एवं समाजसेविका वंदना मिश्रा तथा प्रख्यात कवि सर्वेश अस्थाना शामिल रहे।
वक्ताओं ने मौलाना आज़ाद के विचारों को बताया आज भी प्रासंगिक
रमेश दीक्षित ने कहा कि मौलाना आज़ाद केवल स्वतंत्रता सेनानी ही नहीं, बल्कि भरोसे, राष्ट्रीय एकता और साझा विरासत के प्रतीक थे। उन्हें लगातार छह वर्षों तक कांग्रेस पार्टी का अध्यक्ष रहने का गौरव प्राप्त हुआ। समाजसेवी अमीर हैदर ने कहा कि मौलाना आज़ाद ने हमेशा देशहित को सर्वोपरि रखा और राष्ट्रीय एकता के लिए अपना जीवन समर्पित किया।
प्रख्यात कवि सर्वेश अस्थाना ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि मौलाना आज़ाद के विचारों और योगदान को याद करने के लिए इस तरह के कार्यक्रम बेहद जरूरी हैं। उन्होंने आयोजन के लिए सिराज मेहंदी को बधाई दी। प्रेम कांत तिवारी ने कहा कि मौलाना आज़ाद ने संकीर्ण सोच और फिरकापरस्ती से ऊपर उठकर देश की एकता, अखंडता और तरक्की को प्राथमिकता दी।
वरिष्ठ पत्रकार सुरेश बहादुर ने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में समाज को जोड़ने, आपसी विश्वास कायम करने और भाईचारे को मजबूत बनाने वाले आयोजनों की प्रासंगिकता और बढ़ गई है। नदीम अशरफ जायसी ने मौलाना आज़ाद को महान शख्सियत, विचारधारा और प्रेरणा का स्रोत बताया।
वरिष्ठ पत्रकार एवं समाजसेविका वंदना मिश्रा ने कहा कि मौलाना आज़ाद ने शिक्षा के साथ महिलाओं की शिक्षा और समाज में उनकी सक्रिय भागीदारी को भी विशेष महत्व दिया। मौलाना मुश्ताक ने उनके आदर्शों और विचारों को आम लोगों तक पहुंचाने को सामूहिक जिम्मेदारी बताया।
डॉ. सैयद सरदार नवाब ने कहा कि उनकी जन्मभूमि जौनपुर है, जबकि लखनऊ उनकी कर्मभूमि है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से युवाओं को गौरवशाली इतिहास, देश के महापुरुषों और उनके विचारों से परिचित कराना जरूरी है, ताकि युवा पीढ़ी अतीत से प्रेरणा लेकर बेहतर भविष्य का निर्माण कर सके।
मौलाना सैफ अब्बास नकवी ने कहा कि हमें अपने बुजुर्गों की सेवाओं और उनके बताए रास्ते को कभी नहीं भूलना चाहिए। उन्होंने कहा, “यदि आपका कलम मजबूत है तो आपका मुस्तकबिल भी मजबूत है।” उन्होंने मौलाना आज़ाद के व्यक्तित्व, दूरदर्शी सोच और उनके विचारों को याद किया।
इंसराम अली ने मौलाना आज़ाद के ऐतिहासिक भाषणों का उल्लेख करते हुए कहा कि जामा मस्जिद में दिया गया उनका एकता और भाईचारे का संदेश आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने इन विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
सिराज मेहंदी ने जताया आभार
कार्यक्रम के आयोजक सिराज मेहंदी ने सभी अतिथियों, वक्ताओं, सम्मानित हस्तियों और उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मौलाना अबुल कलाम आज़ाद के बताए रास्ते पर चलना, शिक्षा को बढ़ावा देना और समाज में प्रेम, सद्भाव, भाईचारे तथा राष्ट्रीय एकता का संदेश फैलाना ही इस आयोजन का मूल उद्देश्य है।
उन्होंने कहा कि मौलाना आज़ाद जैसी महान विभूतियों का जीवन और उनके विचार हमारी अमूल्य विरासत हैं। इस विरासत को सहेजना और नई पीढ़ी तक पहुंचाना आज समय की बड़ी जरूरत है। युवाओं को उनके संघर्ष, त्याग, दूरदर्शिता और राष्ट्र निर्माण में योगदान से परिचित कराना होगा, ताकि वे उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर देश की एकता, अखंडता और तरक्की में अपनी भूमिका निभा सकें।
अनेक गणमान्य हस्तियां रहीं मौजूद
समारोह में सामाजिक, शैक्षिक, राजनीतिक और पत्रकारिता जगत से जुड़ी अनेक प्रतिष्ठित हस्तियां मौजूद रहीं। इनमें आफताब अहमद, मो. नासिर, शिव सरन सिंह, प्रदीप कपूर, मसूद हसन, विजय शंकर पंकज, राजेंद्र सिंह, परवेज़, ज़ुबैर अहमद, अब्दुल वहीद, शाश्वत तिवारी, वसी अहमद, नज़म अहसन, अब्दुल नसीर नासिर, शायर मुनव्वर जाफरी, तौसीफ हुसैन और बृजेश द्विवेदी सहित अनेक गणमान्य लोग शामिल रहे।
समारोह का संदेश स्पष्ट रहा कि मौलाना आज़ाद के विचार किसी एक दौर या वर्ग तक सीमित नहीं हैं। शिक्षा, सामाजिक सद्भाव, राष्ट्रीय एकता और मजबूत भारत के निर्माण की दिशा में उनके आदर्श आज भी समाज का मार्गदर्शन करते हैं।
TRIANGLE NEWS LUCKNOW
सच के साथ, सबसे आगे…