शुक्रवार, 30 अक्टूबर 2026 |

दुबई से लौटते ही लखनऊ एयरपोर्ट पर पकड़ा गया नेपाली नागरिक! फर्जी पहचान से बनवाया भारतीय पासपोर्ट, सरोजनीनगर पुलिस ने किया गिरफ्तार

Triangle News

4 hours ago 17 views
दुबई से लौटते ही लखनऊ एयरपोर्ट पर पकड़ा गया नेपाली नागरिक! फर्जी पहचान से बनवाया भारतीय पासपोर्ट, सरोजनीनगर पुलिस ने किया गिरफ्तार

रिपोर्ट: राजेश सक्सेना | मान्या सक्सेना

राजधानी/लखनऊ। भारतीय पहचान और कथित कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर पासपोर्ट बनवाकर विदेश यात्रा करने का मामला सामने आया है। लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन जांच के दौरान नेपाली नागरिक को पकड़ा गया। सरोजनीनगर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

दुबई से लखनऊ पहुंचने पर इमिग्रेशन जांच में खुलासा

पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, 28 अक्टूबर 2026 को दुबई से लखनऊ आने वाली फ्लाइट के यात्री दिलीप कुमार की इमिग्रेशन जांच के दौरान पहचान को लेकर संदेह हुआ। जांच में उसके पास से नेपाली नागरिकता प्रमाण पत्र और पैन कार्ड की छायाप्रति मिली। इन दस्तावेजों में उसका नाम दिनेश खड़का, पिता नरबहादुर खड़का और पता जिला कैलाली, नेपाल दर्ज था।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने अपनी नेपाली नागरिकता छिपाकर कथित रूप से कूटरचित दस्तावेजों के जरिए भारतीय पहचान बनाई और भारतीय पासपोर्ट प्राप्त किया था। इसी पासपोर्ट के आधार पर वह फरवरी 2026 में दुबई गया था।

ऑनलाइन गैंबलिंग के मामले का भी किया जिक्र

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह मूल रूप से नेपाल का निवासी है। उसने ऑनलाइन गैंबलिंग के कारण अपने खिलाफ मामला दर्ज होने की बात भी कही। आरोपी के अनुसार, उसने कूटरचित दस्तावेजों के माध्यम से भारतीय पते का आधार कार्ड और अन्य प्रपत्र बनवाकर पासपोर्ट प्राप्त किया था।

पासपोर्ट समेत इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से निम्नलिखित सामान बरामद किया है:

- कथित कूटरचित भारतीय पासपोर्ट

- नेपाली नागरिकता प्रमाण पत्र की छायाप्रति

- नेपाली पैन कार्ड

- तीन मोबाइल फोन

- एक लैपटॉप

- एक स्मार्ट वॉच

इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा

इस मामले में थाना सरोजनीनगर में मुकदमा संख्या 410/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 337, 339 और 340(2), पासपोर्ट अधिनियम की धारा 12(1)(ख) तथा आव्रजन एवं विदेशी अधिनियम 2025 की धारा 22 में मुकदमा दर्ज किया गया है। विवेचना उपनिरीक्षक अवनीश कुमार वर्मा को सौंपी गई है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान दिलीप कुमार पुत्र नरेश कुमार के रूप में दर्ज है, जबकि उसकी नेपाली पहचान दिनेश खड़का पुत्र नरबहादुर खड़का बताई गई है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

कार्रवाई में अमौसी एयरपोर्ट इमिग्रेशन टीम और थाना सरोजनीनगर पुलिस टीम शामिल रही।

TRIANGLE NEWS LUCKNOW

सच के साथ, सबसे आगे…

जनता की आवाज | निष्पक्ष पत्रकारिता | विश्वसनीय समाचार

शेयर करें

जरूरी खबरें

संबंधित खबरें

404
पेज 6 / 68