शनिवार, 17 अक्टूबर 2026 |

बाढ़ का पानी उतरा तो मैदान में उतरी नगर निगम की टीमें! लखनऊ के प्रभावित इलाकों में सफाई अभियान तेज, 900 से ज्यादा कर्मचारियों की व्यवस्था

Triangle News

2 days ago 30 views
बाढ़ का पानी उतरा तो मैदान में उतरी नगर निगम की टीमें! लखनऊ के प्रभावित इलाकों में सफाई अभियान तेज, 900 से ज्यादा कर्मचारियों की व्यवस्था

जोन-3 और जोन-6 में 9 सेक्टर, 31 सब-सेक्टर के जरिए निगरानी | ड्रोन से एंटी लार्वा छिड़काव, गाद हटाने का काम जारी | शिकायत के लिए जारी हुए हेल्पलाइन नंबर

Report: Rajesh Saxena | Triangle News Lucknow

लखनऊ। बाढ़ का पानी उतरने के बाद अब प्रभावित इलाकों में गंदगी, गाद और मच्छरों के खतरे से निपटने के लिए नगर निगम ने सफाई अभियान तेज कर दिया है। जोन-3 और जोन-6 में सफाई, कूड़ा उठान, जल निकासी और एंटी लार्वा छिड़काव के लिए क्षेत्रवार निगरानी व्यवस्था बनाई गई है। नगर निगम के अनुसार, दोनों जोन में करीब 900 कर्मचारियों की तैनाती की व्यवस्था है, जबकि बुधवार को जोन-6 में 300 से अधिक कर्मचारी काम पर लगाए गए।

नगर आयुक्त गौरव कुमार ने बुधवार, 14 अक्टूबर को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर अधिकारियों को सफाई और राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्त और डॉ. अरविंद कुमार राव भी अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान की निगरानी कर रहे हैं।

9 सेक्टर और 31 सब-सेक्टर में बंटी निगरानी

नगर निगम ने प्रभावित इलाकों में काम को व्यवस्थित करने के लिए जोन-3 में पांच सेक्टर और 21 सब-सेक्टर बनाए हैं। जोन-6 में चार सेक्टर और 10 सब-सेक्टर के जरिए सफाई एवं राहत कार्यों की निगरानी की जा रही है।

अधिकारियों को क्षेत्रवार जिम्मेदारी सौंपी गई है, ताकि सफाई, कूड़ा उठान, जल निकासी और गाद हटाने के काम में तेजी लाई जा सके।

मच्छरों के खतरे से निपटने के लिए ड्रोन से छिड़काव

जोन-3 में तीन ड्रोन के माध्यम से एंटी लार्वा छिड़काव कराया गया। नंदा फॉर्म, संत कबीर नगर, मिल्लत नगर, पुराना दाउद नगर, कैलाश विहार, पवन विहार और लौहरामऊ सहित कई क्षेत्रों में कार्रवाई की गई।

इसके अलावा छह टैंकरों से सोडियम हाइपोक्लोराइट का छिड़काव कराया गया। घैला रोड, दाउद नगर, मामा कॉलोनी, अन्नपूर्णा नगर, वैष्णोपुरम और पतंग मैदान जैसे इलाकों में मशीनों से भी छिड़काव किया गया।

जोन-6 के सैंथा, हयातनगर, माल रोड, गुलमी खेड़ा, दौलत खेड़ा, टांड खेड़ा, मिश्री की बगिया, हरिनगर और कैटल कॉलोनी सहित प्रभावित क्षेत्रों में भी एंटी लार्वा छिड़काव कराया गया। कुछ इलाकों में ड्रोन से भी छिड़काव किया गया।

गाद, मिट्टी और झाड़ियां हटाने का अभियान

पानी उतरने वाले क्षेत्रों में जमा गाद और मिट्टी हटाने के लिए डी-सिल्टिंग का काम चल रहा है। जोन-3 के गणेश विहार, नंदा फॉर्म और दाउद नगर में सफाई कराई गई। जोन-6 के सैंथा प्रथम एवं द्वितीय, हयातनगर और टांड खेड़ा सहित अन्य प्रभावित मोहल्लों में भी गाद हटाई जा रही है।

नगर निगम के मुताबिक, झाड़ू लगाने, कूड़ा उठाने और झाड़ियों की कटाई का काम भी जारी है। जिन इलाकों में अभी पानी भरा है, वहां स्थिति के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

बाढ़ प्रभावित नागरिक इन नंबरों पर दर्ज कराएं शिकायत

नगर निगम ने सफाई, पेयजल, सेप्टिक टैंक और जल निकासी से जुड़ी समस्याओं के लिए विभागवार कंट्रोल रूम नंबर जारी किए हैं।

1. सफाई संबंधी शिकायतें

- 8808837500

- 6389923234

- 9219902911

- 9219902912

2. जलकल विभाग — पेयजल एवं सेप्टिक टैंक

- 9451831593

- 9889806396

- 9454508087

- 7991332892

3. अभियंत्रण विभाग — जल निकासी

- 8810721631

- 6389923231

- 9219902913

- 9219902914

नगर निगम ने प्रभावित क्षेत्रों के नागरिकों से अपील की है कि सफाई, पेयजल या जल निकासी से जुड़ी समस्या होने पर संबंधित विभाग के कंट्रोल रूम पर संपर्क करें।

❓ पानी उतरने के बाद कितनी जल्दी लौटेगी सामान्य स्थिति?

बाढ़ प्रभावित मोहल्लों में सफाई और संक्रमण से बचाव की चुनौती बनी हुई है। अब निगरानी व्यवस्था और कर्मचारियों की तैनाती के बीच सबसे अहम सवाल यही है कि प्रभावित क्षेत्रों में सफाई, जल निकासी और कूड़ा उठान का काम कितनी तेजी से पूरा होता है।

Triangle News Lucknow — सच के साथ, सबसे आगे…

#LucknowNews #LucknowFlood #NagarNigamLucknow #FloodRelief #SafaiAbhiyan #AntiLarvaSpray #GroundReport #RajeshSaxena #TriangleNewsLucknow

शेयर करें

संबंधित खबरें

215
पेज 1 / 36