जनगणना 2027 की तैयारी तेज! लखनऊ में 140 फील्ड ट्रेनरों का प्रशिक्षण पूरा, नगर आयुक्त ने दिया सटीक आंकड़ों पर जोर
Triangle News
देश की विकास योजनाओं का आधार बनेगी जनगणना | अलीगंज के केंद्रीय विद्यालय में तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न
Report: Rajesh Saxena | Triangle News Lucknow

लखनऊ। भारत की जनगणना 2027 को लेकर लखनऊ नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। नगर निगम क्षेत्र के लिए निर्धारित सभी 140 फील्ड ट्रेनरों का प्रशिक्षण पूरा हो गया है। अलीगंज स्थित केंद्रीय विद्यालय में आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान अंतिम 38 फील्ड ट्रेनरों को प्रशिक्षण दिया गया। इससे पहले 102 फील्ड ट्रेनरों का प्रशिक्षण पूरा हो चुका था।

जनगणना के आंकड़े तय करेंगे विकास की दिशा!
प्रशिक्षण कार्यक्रम के निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त गौरव कुमार ने फील्ड ट्रेनरों को जनगणना के महत्व और राष्ट्रीय योजनाओं के निर्माण में इसकी भूमिका के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े देश की विकास योजनाओं और नीतियों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में आंकड़ों की सटीकता और कार्य की गुणवत्ता बेहद जरूरी है।
नगर आयुक्त ने सभी फील्ड ट्रेनरों से जनगणना संबंधी जिम्मेदारियों को गंभीरता, निष्ठा और पूरी जिम्मेदारी के साथ निभाने का आह्वान किया।
प्रशिक्षण में तकनीकी शंकाओं के समाधान पर जोर
नगर आयुक्त ने निर्देश दिए कि प्रशिक्षण के दौरान किसी भी प्रकार की शंका या तकनीकी समस्या होने पर फील्ड ट्रेनर मास्टर ट्रेनरों से मार्गदर्शन प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि प्रक्रिया की सही समझ से जनगणना कार्य को निर्धारित नियमों के अनुसार सुचारु रूप से पूरा करने में मदद मिलेगी।
अधिकारियों ने किया प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण
कार्यक्रम का निरीक्षण नगर आयुक्त गौरव कुमार, एडीएम (एफ/आर), जनगणना विभाग के उप निदेशक डॉ. गौरव पांडेय, सांख्यिकी अन्वेषक रमेश चंद पांडेय, सहायक निदेशक अंकिता और मुख्य कर निर्धारण अधिकारी विनय कुमार राय सहित संबंधित अधिकारियों ने किया।
जनगणना 2027 के लिए अहम तैयारी पूरी
लखनऊ नगर निगम क्षेत्र में 140 फील्ड ट्रेनरों का प्रशिक्षण पूरा होना जनगणना की तैयारियों का महत्वपूर्ण चरण है। अब प्रशिक्षित फील्ड ट्रेनरों की भूमिका जनगणना प्रक्रिया को सही तरीके से आगे बढ़ाने और आंकड़ों की विश्वसनीयता सुनिश्चित करने में अहम होगी।
Triangle News Lucknow — सच के साथ, सबसे आगे…
#Census2027 #जनगणना2027 #LucknowNews #NagarNigamLucknow #GauravKumar #IndiaCensus #Lucknow #RajeshSaxena #TriangleNewsLucknow