लखनऊ में प्रतिबंधित पॉलीथिन और गंदगी के खिलाफ नगर निगम का बड़ा एक्शन, दो जोनों में ₹84,500 का जुर्माना
Triangle News
रिपोर्ट: Rajesh Saxena | Manya Saxena
लखनऊ। राजधानी को स्वच्छ बनाने और प्रतिबंधित पॉलीथिन एवं सिंगल यूज प्लास्टिक पर रोक लगाने के लिए नगर निगम ने विशेष प्रवर्तन अभियान तेज कर दिया है। नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देश पर बुधवार को जोन-7 और जोन-8 में दुकानों एवं प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल ₹84,500 का जुर्माना अधिरोपित एवं वसूल किया गया।
जोन-7 में ₹54 हजार की कार्रवाई
जोन-7 में जोनल अधिकारी रिपुदमन सिंह के नेतृत्व में देवा रोड, टाटा टेल्को और शिवपुरी मोड़ के आसपास विशेष अभियान चलाया गया। अभियान में जोनल सेनेटरी अधिकारी रूपेंद्र भास्कर, बृजेश प्रजापति, संचित मिश्रा सहित 296 प्रवर्तन दल के सदस्य मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान दुकानों और प्रतिष्ठानों में प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक एवं पॉलीथिन मिलने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई। इस दौरान कुल ₹54,000 का जुर्माना लगाया गया और वसूला गया।
जोन-8 में 2 किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त
वहीं जोन-8 में अपर नगर आयुक्त के आदेश पर उत्तरठिया से पीजीआई अस्पताल क्षेत्र के आसपास विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान 20 से अधिक दुकानों एवं प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।
कार्रवाई में गंदगी फैलाने पर ₹13,000 और प्रतिबंधित प्लास्टिक मिलने पर ₹17,500 का अर्थदंड लगाया गया। साथ ही 2 किलोग्राम प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त की गई। इस प्रकार जोन-8 में कुल ₹30,500 की धनराशि नगर निगम कोष में जमा कराई गई।
अभियान में जोनल सेनेटरी अधिकारी जितेन्द्र कुमार गांधी, मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक मो. नईम, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक सत्येन्द्रनाथ तथा प्रवर्तन दल एवं 296 टीम के सदस्य शामिल रहे।
नगर निगम की नागरिकों और व्यापारियों से अपील
नगर निगम प्रशासन ने दुकानदारों, व्यापारियों और आम नागरिकों से प्रतिबंधित पॉलीथिन एवं सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की है। साथ ही प्रतिष्ठानों और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने तथा कूड़े का उचित निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा है।
नगर निगम की इस कार्रवाई से साफ है कि शहर में प्रतिबंधित प्लास्टिक और गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ प्रवर्तन अभियान जारी रहेगा।
Triangle News Lucknow | सच के साथ, सबसे आगे…