लखनऊ में एक लाख की सुपारी लेकर अनिल की हत्या का प्रयास, मुख्य आरोपी समेत पांच गिरफ्तार
Triangle News
विशेष रिपोर्ट
अनुराग सिंह बिष्ट
राजधानी / लखनऊ
Triangle News Lucknow | सच के साथ, सबसे आगे…
राजधानी लखनऊ में एक लाख रुपये की सुपारी लेकर युवक की हत्या की साजिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बीते 1 नवंबर को अनिल नामक युवक पर जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ फायरिंग की गई थी। मामले में बीकेटी पुलिस और सर्विलांस टीम के संयुक्त अभियान में मुख्य आरोपी समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, पुराने मुकदमे को लेकर चली आ रही रंजिश के चलते मुख्य आरोपी उत्तम सिंह ने अनिल की हत्या कराने की योजना बनाई थी। आरोप है कि इसके लिए उसने एक लाख रुपये की सुपारी दी थी। साजिश के तहत आरोपियों ने 1 नवंबर को अनिल पर जानलेवा हमला करते हुए ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं।
मुख्य आरोपी उत्तम सिंह समेत पांच गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्तम सिंह, शुभम राजपूत, शिवम राजपूत, शिवम पाल और अजय यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन अवैध तमंचे, चार कारतूस और एक बैटरी रिक्शा बरामद किया है।
बीकेटी पुलिस और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई
घटना के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। बीकेटी थाना पुलिस और सर्विलांस टीम ने संयुक्त ऑपरेशन चलाकर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है। एक लाख रुपये की सुपारी देकर हत्या की साजिश रचने के इस मामले ने राजधानी में आपराधिक गतिविधियों को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थान: थाना बीकेटी क्षेत्र, लखनऊ।
Triangle News Lucknow
सच के साथ, सबसे आगे…