लखनऊ में आधी रात कबाड़ गोदाम में भीषण आग: कई मकान और वाहन चपेट में, लाखों का सामान जलकर राख
Triangle News
रिपोर्ट: Priyanshu Saxena | Prashant Yadav
राजधानी/लखनऊ। ठाकुरगंज थाना क्षेत्र के मल्हपुर न्यू हैदरगंज में देर रात भीषण अग्निकांड से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। भारत गैस गोदाम के पास स्थित एक कबाड़ गोदाम में करीब डेढ़ बजे अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और आसपास के कई मकानों तथा वाहनों को भी अपनी चपेट में ले लिया।
घनी आबादी तक पहुंची आग की लपटें
स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के मुताबिक, आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास के मकानों और खड़े वाहनों को भी नुकसान पहुंचा। इस घटना में लाखों रुपये का सामान जलकर राख होने की बात सामने आई है। आग लगने के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
20 वर्षों से संचालित होने का दावा
स्थानीय लोगों का कहना है कि घनी आबादी के बीच यह कबाड़ गोदाम करीब 20 वर्षों से संचालित हो रहा है। लोगों ने गोदाम की स्थिति और आसपास की आबादी को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।
प्रशासन से अवैध कबाड़ गोदाम हटाने की मांग
हादसे के बाद स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन, पुलिस कमिश्नर, ठाकुरगंज पुलिस और नगर निगम से क्षेत्र में संचालित कबाड़ गोदामों की जांच कराने तथा नियमों के विपरीत संचालित गोदामों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते ऐसे गोदामों की जांच और आवश्यक कार्रवाई नहीं हुई, तो भविष्य में इससे भी बड़ा हादसा हो सकता है।
फिलहाल आग लगने के कारण, नुकसान के वास्तविक आकलन और प्रशासनिक कार्रवाई से जुड़ी आधिकारिक जानकारी सामने आने का इंतजार है।
Triangle News Lucknow — सच के साथ, सबसे आगे…