शनिवार, 31 अक्टूबर 2026 |

लखनऊ: भैंसोरा में 14 हजार पौधों से विकसित ‘नंदन वन’ का लोकार्पण, 5 हजार लोगों को मिलेगा लाभ

Triangle News

13 hours ago 24 views
लखनऊ: भैंसोरा में 14 हजार पौधों से विकसित ‘नंदन वन’ का लोकार्पण, 5 हजार लोगों को मिलेगा लाभ

विशेष रिपोर्ट

राजेश सक्सेना | मान्या सक्सेना

राजधानी/लखनऊ। लखनऊ नगर निगम की उपवन योजना के तहत जोन-04 के भरवारा-मल्हौर वार्ड स्थित ग्राम भैंसोरा में 6,400 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में विकसित नंदन वन का गुरुवार को लोकार्पण किया गया। वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री एवं लखनऊ के प्रभारी मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने मुख्य अतिथि के रूप में इसका उद्घाटन किया, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर सुषमा खर्कवाल ने की।

नंदन वन के 4,000 वर्ग मीटर क्षेत्र में मियावाकी पद्धति से विभिन्न प्रजातियों के 14 हजार पौधे लगाए गए हैं। पार्क में बच्चों के लिए झूले, नागरिकों के लिए ओपन जिम, टहलने के लिए लॉन, बैठने के लिए बेंच, टॉयलेट ब्लॉक और विद्युत सज्जा जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं।

मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने महापौर सुषमा खर्कवाल और नगर आयुक्त गौरव कुमार के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि शहर में हरित क्षेत्रों का विस्तार पर्यावरण संरक्षण और बेहतर स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने बढ़ते प्रदूषण के प्रभाव को कम करने के लिए अधिक से अधिक पौधरोपण की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

नगर निगम के अनुसार, इस नंदन वन से भैंसोरा और आसपास के लगभग 5 हजार लोगों को लाभ मिलेगा। पार्क में कराए गए औद्यानिक कार्यों का तीन वर्षों तक अनुरक्षण भी किया जाएगा।

लोकार्पण के दौरान मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कलमी आम, महापौर सुषमा खर्कवाल ने सिंदूर और नगर आयुक्त गौरव कुमार ने चंदन का पौधा रोपित किया। कार्यक्रम में नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Triangle News Lucknow

सच के साथ, सबसे आगे…

शेयर करें

जरूरी खबरें

संबंधित खबरें

408
पेज 26 / 68