गुरूवार, 29 अक्टूबर 2026 |

एलडीए उपाध्यक्ष का नादरगंज, अटल नगर और वरुण विहार योजना का निरीक्षण, विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

Triangle News

1 hour ago 31 views
एलडीए उपाध्यक्ष का नादरगंज, अटल नगर और वरुण विहार योजना का निरीक्षण, विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

रिपोर्ट: Rajesh Saxena | Manya Saxena

लखनऊ। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बुधवार को नादरगंज इंडस्ट्रियल एरिया, देवपुर पारा स्थित अटल नगर आवासीय योजना और आगरा एक्सप्रेसवे के निकट वरुण विहार योजना का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों और अभियंताओं को निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित समयसीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए।

नादरगंज में सड़क चौड़ीकरण और नाला निर्माण में तेजी के निर्देश

एलडीए उपाध्यक्ष ने नादरगंज इंडस्ट्रियल एरिया में कान्हा गौशाला से अमौसी फ्लाईओवर तक सड़क चौड़ीकरण, सीसी रोड निर्माण, इंटरलॉकिंग और नाला निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने आवागमन को सुगम बनाने और जलभराव की समस्या से निपटने के लिए सभी संबंधित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने को कहा।

उन्होंने बताया कि नादरगंज से टी.एस. मिश्रा यूनिवर्सिटी तक सड़क को 18 मीटर चौड़ा किया जा रहा है। सड़क के किनारे इंटरलॉकिंग और गहरे नाले का निर्माण भी कराया जा रहा है।

सड़क चौड़ीकरण के दौरान कान्हा उपवन के गेट और बाउंड्री के प्रभावित होने के मद्देनजर पहले इन्हें हटाने और सड़क निर्माण पूरा होने के बाद दोबारा निर्माण कराने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही कान्हा उपवन परिसर में स्थित कपिला गौशाला की बाउंड्री बनवाने को भी कहा गया।

अटल नगर में आवंटियों को फ्लैटों पर कब्जा देने की प्रक्रिया होगी तेज

देवपुर पारा स्थित अटल नगर आवासीय योजना के निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष ने निर्मित एमएमआईजी फ्लैटों के आवंटियों को कब्जा देने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही एलआईजी-1 श्रेणी के 208 फ्लैटों की लॉटरी शीघ्र आयोजित कराने को कहा।

योजना में बिजली के खंभों की शिफ्टिंग, पार्क रोड और ग्रीन बेल्ट के विकास के साथ अग्नि सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने का कार्य भी किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, रजनीगंधा टावर के शेष कार्यों को 15 दिनों के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

एमआईजी फ्लैटों के निकट पार्किंग की व्यवस्था विकसित की जा रही है। इसके अतिरिक्त, आवंटियों को पर्याप्त वाहन पार्किंग सुविधा उपलब्ध कराने के लिए मल्टीलेवल कार पार्किंग का निर्माण भी जारी है।

वरुण विहार में भूमि समतलीकरण और जल निकासी पर जोर

आगरा एक्सप्रेसवे के निकट वरुण विहार योजना में उपाध्यक्ष ने भूमि समतलीकरण, मिट्टी की पुराई, सड़क की साफ-सफाई और भूखण्डों के विकास कार्यों का जायजा लिया।

उन्होंने निर्देश दिए कि आवश्यकतानुसार भूमि को लगभग एक फुट ऊंचा रखते हुए मिट्टी की पुराई कराई जाए। साथ ही पानी के स्तर और जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि योजना क्षेत्र में जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो।

योजना क्षेत्र में लगभग डेढ़ किलोमीटर तक सड़क की साफ-सफाई कराने और भूखण्डों के विकास से जुड़े कार्यों में तेजी लाने को कहा गया। कार्यों की नियमित निगरानी के लिए अधिकारियों की क्रमबद्ध साप्ताहिक ड्यूटी निर्धारित करने के निर्देश भी दिए गए, जिससे प्रगति की लगातार समीक्षा की जा सके।

निरीक्षण में अधिकारी रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता मानवेन्द्र सिंह, अधिशासी अभियंता अजीत सिंह एवं मनोज सागर, सहायक उद्यान अधिकारी कर्ण सिंह सहित अन्य अधिकारी और अभियंता उपस्थित रहे।

Triangle News Lucknow — सच के साथ, सबसे आगे।

शेयर करें