लखीमपुर में तेंदुए के सामने डट गया लैब्राडोर! जोरदार भौंकने से शिकारी को लौटना पड़ा उल्टे पांव, CCTV वीडियो वायरल
Triangle News
विशेष रिपोर्ट
राजेश सक्सेना | मान्या सक्सेना
लखीमपुर खीरी/निघासन। जंगल का शिकारी जब घर के आंगन में पहुंचा तो सामने आ गया एक बहादुर लैब्राडोर! लखीमपुर खीरी के मंझरा पूरब गांव में एक तेंदुआ फार्म हाउस के आंगन में घुस आया। लेकिन वहां मौजूद लैब्राडोर कुत्ते ने हिम्मत दिखाते हुए तेंदुए के सामने मोर्चा संभाल लिया।
कुत्ते ने जोर-जोर से भौंकते हुए तेंदुए का सामना किया। लैब्राडोर के आक्रामक तेवर देखकर तेंदुआ बिना हमला किए पीछे हट गया और उल्टे पांव लौट गया। इस पूरी घटना का वीडियो घर में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गया, जो अब चर्चा का विषय बना हुआ है।
वन विभाग ने लगाया पिंजरा
जानकारी के मुताबिक, यह घटना उत्तर निघासन वन क्षेत्र के मंझरा पूरब गांव में गुरमीत सिंह के फार्म पर हुई। वीडियो सामने आने के बाद वन विभाग की टीम सक्रिय हो गई। रेंजर भूपेंद्र सिंह के अनुसार, मौके पर वन विभाग की टीम भेजी गई है और तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया गया है।
वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने और तेंदुए की गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल सूचना देने की अपील की है।
फिलहाल इस घटना में लैब्राडोर की बहादुरी की चर्चा हो रही है। एक तरफ जंगल का शिकारी और दूसरी तरफ घर की रखवाली करता वफादार साथी!
Triangle News Lucknow
सच के साथ, सबसे आगे…