शनिवार, 17 अक्टूबर 2026 |

गांधी जयंती पर लखनऊ में आवास की सौगात: एलडीए ने ‘अदिति अपार्टमेंट’ के 1392 फ्लैटों का खोला पंजीकरण

Triangle News

2 weeks ago 224 views
गांधी जयंती पर लखनऊ में आवास की सौगात: एलडीए ने ‘अदिति अपार्टमेंट’ के 1392 फ्लैटों का खोला पंजीकरण

लखनऊ। गांधी जयंती के अवसर पर लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने प्रधानमंत्री आवास और अफोर्डेबल हाउस की योजना के तहत ‘अदिति अपार्टमेंट’ के 1,392 फ्लैटों के लिए पंजीकरण शुरू किया है। यह परियोजना अनंत नगर योजना का पहला बहुमंजिला हाउसिंग प्रोजेक्ट होगी।

अदिति अपार्टमेंट में 412 एक बीएचके प्रधानमंत्री आवास और 980 दो बीएचके अफोर्डेबल हाउस शामिल हैं। एलडीए के अनुसार, इच्छुक लोग 02 अक्टूबर से 02 नवंबर 2026 के बीच ऑनलाइन पंजीकरण करा सकेंगे।

केवल आधिकारिक पोर्टल से होगा पंजीकरण

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के मुताबिक, पंजीकरण केवल प्राधिकरण की आधिकारिक वेबसाइट registration.ldalucknow.in के माध्यम से किया जा सकेगा। पंजीकरण के लिए आवेदक को भवन के अनुमानित मूल्य की 5 प्रतिशत धनराशि जमा करनी होगी, जबकि आरक्षित वर्ग के लिए यह राशि 2.5 प्रतिशत निर्धारित की गई है।

फ्लैटों का आवंटन लॉटरी की पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से किया जाएगा।

18,411 वर्गमीटर में विकसित होगा प्रोजेक्ट

अदिति अपार्टमेंट को अनंत नगर योजना के आदर्श खंड में 18,411 वर्गमीटर क्षेत्रफल के ग्रुप हाउसिंग भूखंड पर विकसित किया जाएगा। परियोजना में कुल 5 टावर होंगे। लगभग 7,500 वर्गमीटर क्षेत्रफल में पार्क और ग्रीन बेल्ट विकसित किए जाने का प्रावधान है।

एलडीए के अनुसार, परियोजना को इस तरह डिजाइन किया गया है कि अधिकांश फ्लैटों से निवासियों को हरित क्षेत्र का दृश्य दिखाई दे सके। परियोजना का शिलान्यास मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा किया जा चुका है।

412 प्रधानमंत्री आवास, कीमत 8.99 लाख रुपये

अपर सचिव सी.पी. त्रिपाठी के अनुसार, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 1 बीएचके के 412 फ्लैट बनाए जाएंगे। प्रत्येक फ्लैट का क्षेत्रफल 38.25 वर्गमीटर होगा और इसकी निर्धारित कीमत 8,99,900 रुपये है।

प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत स्वीकृत भवन के लिए लाभार्थी को 6.50 लाख रुपये देने होंगे। शेष 2.50 लाख रुपये का अंशदान केंद्र और राज्य सरकार द्वारा किया जाएगा।

980 अफोर्डेबल हाउस होंगे उपलब्ध

अदिति अपार्टमेंट में 2 बीएचके के 980 अफोर्डेबल हाउस प्रस्तावित हैं। प्रत्येक फ्लैट का क्षेत्रफल 50.10 वर्गमीटर होगा। इसकी निर्धारित कीमत प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 34.82 लाख रुपये है।

परियोजना में बेसमेंट और स्टिल्ट पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। इसके तहत 545 चार पहिया वाहनों के साथ दोपहिया वाहनों के लिए भी पार्किंग सुविधा उपलब्ध कराने का प्रावधान है।

फ्लैटों में मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

अदिति अपार्टमेंट में 1 बीएचके फ्लैट में 2 बालकनी, जबकि 2 बीएचके फ्लैट में 3 बालकनी का प्रावधान किया गया है।

परियोजना में आधुनिक शहरी सुविधाओं को शामिल किया गया है, जिनमें—

- हाई स्पीड लिफ्ट

- रेन वॉटर हार्वेस्टिंग

- पावर बैकअप

- स्टॉर्म वॉटर ड्रेनेज सिस्टम

- कम्यूनिटी स्पेस

- पेडेस्ट्रियन पाथ-वे

- पार्क एवं ग्रीन बेल्ट

शामिल हैं।

एलडीए के मुताबिक, अदिति अपार्टमेंट के माध्यम से विभिन्न आय वर्ग के परिवारों की आवासीय जरूरतों को पूरा करने के साथ अनंत नगर योजना में आधुनिक आवासीय सुविधाओं के विकास को गति देने का प्रयास किया जा रहा है।

नोट: पंजीकरण से पहले आवेदक एलडीए के आधिकारिक पोर्टल पर पात्रता, भुगतान, दस्तावेज और योजना की विस्तृत शर्तों की जानकारी अवश्य जांच लें।

शेयर करें

संबंधित खबरें

215
पेज 1 / 36