वाराणसी पुलिस लाइन में सजी रचनात्मकता की दीपावली, ‘घर सजाओ ईनाम पाओ’ प्रतियोगिता के विजेताओं को मिला पुरस्कार
Triangle News
विशेष रिपोर्ट
अनुराग सिंह बिष्ट
Triangle News Lucknow
उत्तर प्रदेश / वाराणसी। दीपावली के पावन पर्व पर पुलिस परिवारों में स्वच्छता, रचनात्मकता और पारिवारिक सहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रिजर्व पुलिस लाइन, कमिश्नरेट वाराणसी में 7 नवंबर 2026 को ‘घर सजाओ ईनाम पाओ’ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी श्री मोहित अग्रवाल की पहल पर आयोजित इस प्रतियोगिता में पुलिस लाइन की विभिन्न कॉलोनियों में रहने वाले पुलिसकर्मियों एवं उनके परिवारों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती प्रेरणा अग्रवाल, पत्नी पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए।
इस अवसर पर पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कहा कि ‘घर सजाओ ईनाम पाओ’ प्रतियोगिता का उद्देश्य पुलिस परिवारों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना, उन्हें सृजनशीलता और सौंदर्यबोध के लिए प्रेरित करना तथा आवासीय परिसर को स्वच्छ, आकर्षक एवं प्रेरणादायी वातावरण में विकसित करना है।
प्रतियोगिता के आयोजन से पहले पुलिस लाइन परिसर में सड़क, बिजली, पानी, सफाई, प्रकाश और ड्रेनेज सिस्टम जैसी मूलभूत व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया गया। वहीं, आवासों की साफ-सफाई, साज-सज्जा, हरियाली, रंगोली, पारिवारिक व्यवहार और शारीरिक फिटनेस को मूल्यांकन का प्रमुख आधार बनाया गया।
प्रतिभागियों ने अपने आवासों को आकर्षक ढंग से सजाकर स्वच्छता, रचनात्मकता और पारिवारिक सहभागिता का परिचय दिया। प्रतियोगिता के परिणामों के आधार पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विजेताओं को क्रमशः फ्रिज, टेलीविजन और ओवन प्रदान किए गए। इसके अतिरिक्त सात अन्य प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार के रूप में प्रेशर कुकर भेंट किए गए।
‘घर सजाओ ईनाम पाओ’ प्रतियोगिता के विजेता
1. प्रथम पुरस्कार: महिला आरक्षी खुशबू सिंह – फ्रिज
2. द्वितीय पुरस्कार: आरक्षी सौरभ राय – टीवी
3. तृतीय पुरस्कार: आरक्षी रितेश सिंह – ओवन
सांस्कृतिक कार्यक्रम के विजेता
1. प्रथम पुरस्कार: आर्या त्रिपाठी
2. द्वितीय पुरस्कार: पीहू प्रितराज
3. तृतीय पुरस्कार: श्रेया कुमारी एवं ग्रुप
रंगोली प्रतियोगिता के विजेता
1. प्रथम पुरस्कार: सौम्या कुमारी
2. द्वितीय पुरस्कार: आस्था यादव
3. तृतीय पुरस्कार: ज्योति सिंह एवं ग्रुप
सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं रंगोली प्रतियोगिता के विजेताओं को भी ₹1,000 के नगद पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का समापन मनमोहक आतिशबाजी के साथ हुआ। रंग-बिरंगी रोशनी और उत्साहपूर्ण माहौल ने पुलिस लाइन परिसर को दीपावली के उल्लास से सराबोर कर दिया।
इस आयोजन के माध्यम से पुलिस परिवारों को स्वच्छता, आपसी सहभागिता, स्वास्थ्य और रचनात्मकता के प्रति प्रेरित करने का प्रयास किया गया।