दीपावली से पहले यूपी के 2.24 करोड़ किसानों को मिला PM किसान सम्मान निधि का तोहफा, खातों में पहुंचे ₹4,482 करोड़
Triangle News
विशेष रिपोर्ट
राजधानी/लखनऊ। दीपावली से पहले उत्तर प्रदेश के करोड़ों किसानों के बैंक खातों में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त पहुंच गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 30 अक्टूबर को गुजरात के बनासकांठा से योजना की 24वीं किस्त जारी की। इसके तहत देशभर के 9.34 करोड़ से अधिक पात्र किसानों के खातों में ₹18,690 करोड़ से अधिक की धनराशि सीधे हस्तांतरित की गई।
इस किस्त से उत्तर प्रदेश के 2.24 करोड़ से अधिक किसान भी लाभान्वित हुए हैं। प्रदेश के किसानों के खातों में कुल ₹4,482.19 करोड़ की धनराशि भेजी गई है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जताया आभार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताते हुए कहा कि किसानों की खुशहाली में गांवों की समृद्धि और गांवों की समृद्धि में राष्ट्र की प्रगति निहित है। उन्होंने कहा कि अन्नदाता किसानों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने, उनकी आय बढ़ाने और खेती की लागत कम करने के लिए प्रदेश सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने दीपावली से पहले किसानों को मिली इस सहायता को उपहार बताते हुए प्रदेश के किसानों की ओर से प्रधानमंत्री का धन्यवाद किया।
क्या है पीएम किसान सम्मान निधि योजना?
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसान परिवारों को सालाना ₹6,000 की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह धनराशि तीन समान किस्तों में यानी प्रत्येक किस्त में ₹2,000 के रूप में सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में DBT के माध्यम से भेजी जाती है।
24वीं किस्त जारी होने के साथ ही देशभर में योजना के तहत कुल वितरित राशि ₹4.64 लाख करोड़ से अधिक हो गई है।
Triangle News Lucknow — सच के साथ, सबसे आगे…