शनिवार, 17 अक्टूबर 2026 |

आराधना मिश्रा ‘मोना’ बनीं यूपी कांग्रेस की नई प्रदेश अध्यक्ष, इमरान मसूद को मिली बड़ी जिम्मेदारी

Triangle News

2 weeks ago 91 views
आराधना मिश्रा ‘मोना’ बनीं यूपी कांग्रेस की नई प्रदेश अध्यक्ष, इमरान मसूद को मिली बड़ी जिम्मेदारी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने प्रदेश संगठन में बड़ा बदलाव किया है। कांग्रेस ने रामपुर खास से विधायक आराधना मिश्रा ‘मोना’ को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। वहीं सहारनपुर से सांसद इमरान मसूद को प्रदेश कांग्रेस का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है।

आराधना मिश्रा ‘मोना’ इससे पहले उत्तर प्रदेश विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल की नेता थीं। वह रामपुर खास विधानसभा सीट से तीन बार विधायक रह चुकी हैं। उनके पिता और वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी भी लंबे समय से उत्तर प्रदेश की राजनीति में सक्रिय रहे हैं।

वहीं इमरान मसूद को कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने के साथ प्रदेश कांग्रेस संगठन में उन्हें अहम भूमिका दी गई है। मसूद वर्तमान में सहारनपुर से लोकसभा सांसद हैं और पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति में सक्रिय चेहरा रहे हैं।

कांग्रेस के इस संगठनात्मक बदलाव में देवेंद्र निषाद और आलोक प्रसाद को वरिष्ठ उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं चौधरी वीरेंद्र सिंह को उत्तर प्रदेश विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल का नेता नियुक्त किया गया है।

यह बदलाव ऐसे समय हुआ है जब उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज हो रही हैं। नए प्रदेश नेतृत्व के सामने संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनाव के लिए पार्टी की तैयारियों को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होगी।

शेयर करें

संबंधित खबरें

215
पेज 1 / 36