शनिवार, 31 अक्टूबर 2026 |

लखनऊ में अमित शाह का बड़ा बयान: भाजपा सरकार को बताया ‘अंगद का पैर’, तीसरी बार सत्ता में आने पर UCC लागू करने का ऐलान

Triangle News

19 hours ago 249 views
लखनऊ में अमित शाह का बड़ा बयान: भाजपा सरकार को बताया ‘अंगद का पैर’, तीसरी बार सत्ता में आने पर UCC लागू करने का ऐलान

विशेष रिपोर्ट

राजेश सक्सेना | मान्या सक्सेना

राजधानी/लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने अपनी राजनीतिक और संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। लखनऊ में भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कार्यकर्ताओं से तीसरी बार प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाने के लिए एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यदि उत्तर प्रदेश में भाजपा की तीसरी बार सरकार बनती है तो राज्य में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू की जाएगी।

यूपी में भाजपा सरकार को बताया ‘अंगद का पैर’

अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार अंगद के पैर की तरह है, जिसे कोई हिला नहीं सकता। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मन की नाराजगी और आपसी मतभेद भुलाकर अर्जुन की तरह सिर्फ एक लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि 2027 में प्रचंड बहुमत के साथ भाजपा की सरकार बनानी है।

शाह ने 2022 के विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा को 41 प्रतिशत वोट मिले थे और पार्टी ने दोबारा सरकार बनाई थी। अब तीसरी बार सरकार बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को पूरी ताकत से जुटना होगा।

राम मंदिर और 1990 की घटना का उठाया मुद्दा

अपने संबोधन में अमित शाह ने 30 अक्टूबर 1990 को अयोध्या में रामभक्तों पर हुई गोलीबारी का जिक्र किया। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए अखिलेश यादव से सवाल किया कि रामभक्तों पर गोली चलवाने वाली सरकार के लोग किस आधार पर सत्ता में वापसी की बात करते हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने राम मंदिर का निर्माण कराया, जबकि तत्कालीन मुख्यमंत्री कल्याण सिंह ने सरकार की चिंता किए बिना विवादित ढांचे के विध्वंस के दौरान इस्तीफा दे दिया था।

तीसरी बार सरकार बनी तो यूपी में लागू होगा UCC

अमित शाह ने भाजपा कार्यकर्ताओं से कहा कि उत्तर प्रदेश में तीसरी बार सरकार बनवाइए, यहां भी समान नागरिक संहिता लागू करेंगे। उनका यह बयान 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा के चुनावी एजेंडे में UCC को प्रमुख मुद्दे के रूप में सामने लाता है।

राहुल गांधी और अखिलेश यादव को वोट चोरी पर बहस की चुनौती

शाह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए वोट चोरी के आरोपों को लेकर संसद में चर्चा की चुनौती दी। उन्होंने विपक्ष के आरोपों पर तंज कसते हुए कहा कि मैच हारने के बाद अंपायर पर आरोप लगाए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा संसद में विशेष सत्र बुलाकर हर आरोप पर चर्चा करने और जवाब देने के लिए तैयार है। विपक्ष को संसद में आकर चर्चा करनी चाहिए।

कार्यकर्ताओं को दिया तीसरी बार सरकार बनाने का लक्ष्य

अमित शाह ने अपने संबोधन में संगठन की ताकत और कार्यकर्ताओं की भूमिका को अहम बताया। उन्होंने कहा कि चुनाव कोई नेता नहीं, बल्कि कार्यकर्ता जिताते हैं। इसलिए सभी कार्यकर्ता आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट हों और 2027 में भाजपा की तीसरी बार सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ काम करें।

बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Triangle News Lucknow

सच के साथ, सबसे आगे…

शेयर करें

जरूरी खबरें

संबंधित खबरें

408
पेज 38 / 68