श्रीमद्भागवत के ज्ञान को जन-जन तक पहुंचाने की पहल, आध्यात्मिक पुस्तिका ‘तीन श्लोक में जीवन दर्शन’ का विमोचन
Triangle News
विशेष रिपोर्ट
राजधानी/लखनऊ
विश्व हिंदू रक्षा परिषद के अंतरराष्ट्रीय पदाधिकारी गोपाल राय ने किया विमोचन, आर.पी. गुप्ता की पहल को बताया सराहनीय
लखनऊ। श्रीमद्भागवत के आध्यात्मिक ज्ञान और भगवान श्रीकृष्ण के जीवन दर्शन को आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से विश्व हिंदू रक्षा परिषद के राष्ट्रीय संरक्षक आर.पी. गुप्ता की ओर से एक विशेष आध्यात्मिक पुस्तिका ‘तीन श्लोक में जीवन दर्शन’ तैयार की गई है। विशाल खंड, गोमती नगर स्थित कार्यक्रम में इस पुस्तिका का विमोचन विश्व हिंदू रक्षा परिषद के अंतरराष्ट्रीय पदाधिकारी गोपाल राय ने किया।
इस अवसर पर गोपाल राय ने कहा कि पुस्तिका के माध्यम से श्रीमद्भागवत में निहित जीवन दर्शन और गूढ़ आध्यात्मिक संदेशों को सरल, सहज एवं सारगर्भित भाषा में लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। इसका उद्देश्य आमजन को श्रीमद्भागवत के आध्यात्मिक ज्ञान, जीवन मूल्यों और भगवान श्रीकृष्ण के उपदेशों से परिचित कराना है।
शिव महापुराण कथा के माध्यम से दिया सनातन संस्कारों का संदेश
कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित श्री शिव महापुराण कथा के माध्यम से भी श्रद्धालुओं को धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया। वक्ताओं ने धर्म के मूल सिद्धांतों को समझने और सनातन संस्कारों को दैनिक जीवन में आत्मसात करने पर जोर दिया।
गणमान्य अतिथियों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में पंडित राधेश्याम शास्त्री (ज्योतिर्विद), अमल कुमार वर्मा (सेवानिवृत्त प्रमुख सचिव, उत्तर प्रदेश शासन), डॉ. राघवेंद्र शुक्ला (महासचिव, गोमती नगर जनकल्याण महासमिति), डॉ. बी.बी. सिंह (अध्यक्ष, गोमती नगर जनकल्याण महासमिति), डॉ. मूल चंद्र यादव (सेवानिवृत्त सचिव, उत्तर प्रदेश शासन), इंजीनियर मनोज यादव, ओ.पी. बेरी, मनीष राय, दिलीप सिंह, हिमांशु धवल, ओम शंकर गुप्ता, अनिल यादव और पंकज अग्रवाल (अध्यात्मविद्) सहित अनेक गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
अतिथियों ने आध्यात्मिक साहित्य के माध्यम से भारतीय संस्कृति, धार्मिक मूल्यों और सनातन परंपराओं के प्रचार-प्रसार के महत्व पर विचार रखे।
गोपाल राय ने कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना जागृत करने और नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने आध्यात्मिक ज्ञान और सनातन धर्म के मूल संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने के प्रयासों को आवश्यक बताया।
कार्यक्रम का उद्देश्य भारतीय धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, आध्यात्मिक चेतना के प्रसार और श्रीमद्भागवत के जीवनोपयोगी संदेशों को सरल रूप में समाज तक पहुंचाना रहा।
TRIANGLE NEWS LUCKNOW
सच के साथ, सबसे आगे…