लखनऊ में एक लाख की सुपारी लेकर अनिल की हत्या की साजिश! बीकेटी पुलिस ने पांच आरोपियों को किया गिरफ्तार
Triangle News
विशेष रिपोर्ट
संजय अग्रवाल
राजधानी / लखनऊ
Triangle News Lucknow | सच के साथ, सबसे आगे…
राजधानी लखनऊ के बीकेटी थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की हत्या की कथित साजिश का पुलिस ने खुलासा किया है। अस्ती रोड स्थित एक फार्म हाउस के बाहर 1 नवंबर की रात अनिल नामक युवक पर तमंचे से हमला कर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई थी। इस मामले में बीकेटी पुलिस और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, अनिल की हत्या के लिए एक लाख रुपये की सुपारी दी गई थी।
पानी पीने के बहाने रोका, फिर झाड़ियों से निकले हमलावर
पुलिस के अनुसार, घटना 1 नवंबर की रात की है। अस्ती रोड स्थित फार्म हाउस के बाहर अनिल पुत्र मंगलू मोटरसाइकिल से अपने घर जा रहा था। इसी दौरान एक युवक ने उसे पानी पीने के बहाने रोक लिया। तभी झाड़ियों से दो अन्य युवक निकल आए और अनिल पर तमंचे से हमला कर दिया।
हमले के दौरान अनिल ने एक हमलावर का तमंचा पकड़ने की कोशिश की, इसी बीच गोली चल गई, जिससे उसके हाथ और पेट में चोटें आईं। जान बचाने के लिए अनिल अपनी मोटरसाइकिल छोड़कर फार्म हाउस के अंदर भाग गया।
पुरानी रंजिश में हत्या की कथित साजिश
पुलिस की जांच में सामने आया कि वारदात के पीछे पुरानी मुकदमेबाजी और आपसी रंजिश थी। पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी उत्तम सिंह ने अनिल की हत्या कराने के लिए एक लाख रुपये की सुपारी दी थी। इसी योजना के तहत आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने का प्रयास किया।
उत्तम सिंह समेत पांच आरोपी गिरफ्तार
बीकेटी पुलिस और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्तम सिंह, शुभम राजपूत, शिवम राजपूत, शिवम पाल और अजय यादव के रूप में हुई है।
तीन तमंचे, कारतूस और ई-रिक्शा बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो .315 बोर के तमंचे, एक 12 बोर का तमंचा, कई जिंदा कारतूस, एक खोखा और एक ई-रिक्शा बरामद किया है। मामले में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई गई हैं।
पुलिस टीम को मिला 25 हजार रुपये का पुरस्कार
इस मामले का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को पुलिस उपायुक्त उत्तरी की ओर से 25 हजार रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
पुरानी रंजिश में एक युवक की हत्या की कथित साजिश और एक लाख रुपये की सुपारी के इस मामले ने राजधानी में आपराधिक गतिविधियों को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है।
Triangle News Lucknow
सच के साथ, सबसे आगे…