बुधवार, 28 अक्टूबर 2026 |

सूचना निदेशक विशाल सिंह की अध्यक्षता में आयुष्मान पोर्टल को Go-Live करने की सहमति, यूपी के मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके परिजनों को मिलेगी कैशलेस इलाज की सुविधा,

Triangle News

12 hours ago 104 views
सूचना निदेशक विशाल सिंह की अध्यक्षता में आयुष्मान पोर्टल को Go-Live करने की सहमति, यूपी के मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके परिजनों को मिलेगी कैशलेस इलाज की सुविधा,

लखनऊ | Triangle News Lucknow | 27 अक्टूबर 2026

उत्तर प्रदेश के मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके आश्रितों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। सूचना निदेशक विशाल सिंह की अध्यक्षता में सूचना निदेशालय के सभागार में आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB-PMJAY) के अंतर्गत विकसित नए पोर्टल के संचालन को लेकर प्रशिक्षण एवं समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सूचना निदेशक ने पोर्टल को Go-Live करने की सहमति प्रदान की।

एक सप्ताह में पोर्टल पर अपलोड करें पत्रकारों का विवरण

सूचना निदेशक विशाल सिंह ने प्रदेश के सभी जिला सूचना अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके परिजनों के आयुष्मान कार्ड अभी तक नहीं बने हैं, उनके आवेदन से संबंधित सभी औपचारिकताएं पूरी कर एक सप्ताह के भीतर विवरण पोर्टल पर अपलोड किया जाए।

उन्होंने अधिकारियों से यह भी कहा कि पोर्टल पर विवरण अपलोड करने के बाद मुख्यालय को इसकी जानकारी दी जाए, ताकि आगे की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कराई जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी नहीं होनी चाहिए।

आवेदन से कार्ड डाउनलोड करने तक की प्रक्रिया का लाइव डेमो

बैठक के दौरान स्टेट हेल्थ एजेंसी, आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अधिकारियों ने पोर्टल की कार्यप्रणाली और प्रक्रिया का विस्तृत प्रस्तुतिकरण किया। लाइव डेमो के माध्यम से मान्यता प्राप्त पत्रकारों के आयुष्मान कार्ड जारी करने, आवेदन करने, सत्यापन कराने और कार्ड डाउनलोड करने की प्रक्रिया समझाई गई।

इस प्रशिक्षण में सूचना निदेशालय मुख्यालय के साथ प्रदेश के सभी जिला सूचना कार्यालयों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया।

पत्रकारों और आश्रितों को लाभ पहुंचाने पर जोर

सूचना निदेशक विशाल सिंह ने कहा कि पोर्टल को सरल और सुगम बनाया गया है, जिससे अधिक से अधिक मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके परिजनों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ मिल सके।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र पत्रकारों के आवेदन समय से पूरे कराए जाएं और मुख्यालय स्तर पर लंबित प्रक्रियाओं को भी तेजी से आगे बढ़ाया जाए।

बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में वरिष्ठ वित्त एवं लेखाधिकारी संजय कुमार सिंह, सहायक निदेशक सतीश चन्द्र भारती, डॉ. जितेन्द्र प्रताप सिंह, अमित कुमार यादव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Triangle News Lucknow — सच के साथ, सबसे आगे…

शेयर करें

जरूरी खबरें

संबंधित खबरें

354
पेज 28 / 59