पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़कों की मरम्मत न होने का मुद्दा उठा, अतहर अंसारी ने मंत्री ए.के. शर्मा से की मुलाकात
Triangle News
विशेष रिपोर्ट
अनुराग सिंह बिष्ट
Triangle News Lucknow
उत्तर प्रदेश / भदोही। भदोही नगर में नगरीय पेयजल योजना के तहत पाइपलाइन बिछाने के बाद क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत न होने का मामला सामने आया है। इस समस्या को लेकर नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष श्रीमती नरगिस अतहर अंसारी के पति अतहर अंसारी ने उत्तर प्रदेश सरकार के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा से मुलाकात कर शिकायत दर्ज कराई।
मुलाकात के दौरान अतहर अंसारी ने मंत्री को अवगत कराया कि जल निगम द्वारा नगरीय पेयजल योजना के अंतर्गत नगर के विभिन्न मोहल्लों में पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़कों और गलियों की खुदाई की गई है। लेकिन कार्य पूरा होने के बाद संबंधित विभाग एवं कार्यदायी संस्था द्वारा क्षतिग्रस्त सड़कों की समुचित मरम्मत नहीं कराई जा रही है।
उन्होंने बताया कि कई स्थानों पर सड़कें खुदी हुई और जर्जर स्थिति में हैं, जिसके चलते स्थानीय नागरिकों, राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मंत्री से मांग की कि जल निगम के अधिकारियों एवं संबंधित कार्यदायी संस्था को निर्देशित कर सभी क्षतिग्रस्त सड़कों की गुणवत्तापूर्ण मरम्मत सुनिश्चित कराई जाए।
अतहर अंसारी ने कहा कि नगरीय पेयजल योजना जनता की सुविधा के लिए संचालित की जा रही है, लेकिन विकास कार्यों के दौरान नागरिकों की सहूलियत और सुरक्षा का ध्यान रखना भी बेहद जरूरी है। विकास कार्य तभी सार्थक होंगे, जब उनका लाभ आम जनता तक पहुंचे और लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
इस दौरान भदोही नगर के सर्वांगीण विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी चर्चा हुई। इनमें सड़क, नाली, जलनिकासी, स्वच्छता, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य जनहित के विषय शामिल रहे।
अतहर अंसारी ने मंत्री ए.के. शर्मा से भदोही नगर की समस्याओं का संज्ञान लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने का अनुरोध किया।
Triangle News Lucknow — सच के साथ, सबसे आगे…