सोमवार, 26 अक्टूबर 2026 |

लखनऊ में बढ़ेगी पर्यटन और मनोरंजन की रौनक! लोहिया पार्क में म्यूजिकल प्ले फाउंटेन, गोमती रिवरफ्रंट पर होगा लाइट एंड साउंड शो

Triangle News

8 hours ago 27 views
लखनऊ में बढ़ेगी पर्यटन और मनोरंजन की रौनक! लोहिया पार्क में म्यूजिकल प्ले फाउंटेन, गोमती रिवरफ्रंट पर होगा लाइट एंड साउंड शो

रिपोर्ट: राजेश सक्सेना | मान्या सक्सेना

लखनऊ | Triangle News Lucknow

लखनऊ के प्रमुख पर्यटन और मनोरंजन स्थलों की तस्वीर बदलने की तैयारी है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) लोहिया पार्क में म्यूजिकल प्ले फाउंटेन और बच्चों के लिए आधुनिक प्ले एरिया विकसित कर रहा है। वहीं, गोमती रिवरफ्रंट पर वाटर-बेस्ड लाइट एंड साउंड शो बनाने की योजना पर काम किया जा रहा है। इसके साथ ही ग्रीन कॉरिडोर परियोजना के तहत बैकुण्ठ धाम से ला मार्टिनियर तक पुल का निर्माण पूरा कराकर यातायात शुरू कराने की दिशा में भी प्रयास तेज किए जा रहे हैं।

एलडीए उपाध्यक्ष ने किया निरीक्षण, काम में तेजी लाने के निर्देश

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने शनिवार को विभिन्न स्थलों का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और अभियंताओं को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे किए जाएं। साथ ही नियमित मॉनिटरिंग कर निर्माण कार्यों में तेजी लाने पर जोर दिया।

दिसंबर तक शुरू हो सकता है लोहिया पार्क का प्ले फाउंटेन

लोहिया पार्क में बच्चों के मनोरंजन के लिए म्यूजिकल प्ले फाउंटेन और चिल्ड्रेन प्ले एरिया विकसित किया जा रहा है। फाउंटेन में संगीत और रंग-बिरंगी रोशनी की व्यवस्था होगी। इसके अलावा बच्चों के लिए मल्टी-एक्टिविटी झूले भी लगाए जा रहे हैं।

एलडीए उपाध्यक्ष के अनुसार, प्ले फाउंटेन को दिसंबर तक सुचारु रूप से शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके शुरू होने से पार्क में आने वाले बच्चों और परिवारों को मनोरंजन का नया विकल्प मिलने की उम्मीद है।

गोमती रिवरफ्रंट पर दिखेगी लखनऊ की नवाबी विरासत

गोमती रिवरफ्रंट पर वाटर-बेस्ड लाइट एंड साउंड शो विकसित करने की योजना है। इसके लिए वाटर स्क्रीन, एडवांस्ड लेजर, लाइट एंड साउंड तकनीक तथा प्रोजेक्टर का इस्तेमाल किया जाएगा।

प्रस्तावित शो के माध्यम से उत्तर प्रदेश के इतिहास के साथ लखनऊ की समृद्ध नवाबी संस्कृति, कला और विरासत को आकर्षक दृश्य-श्रव्य प्रस्तुति के जरिए दिखाया जाएगा। एलडीए के मुताबिक, नदी का जलस्तर घटने के बाद इस कार्य को आगे बढ़ाने की तैयारी की जा रही है।

ग्रीन कॉरिडोर: बैकुण्ठ धाम से ला मार्टिनियर तक पुल पर फोकस

ग्रीन कॉरिडोर परियोजना के तीसरे चरण के तहत एलडीए उपाध्यक्ष ने बैकुण्ठ धाम से ला मार्टिनियर तक के हिस्से का निरीक्षण किया। उन्होंने पुल के निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि निर्माण पूरा होने के बाद इस मार्ग पर यातायात शुरू कराया जा सके।

निरीक्षण के दौरान शहीद पथ से जोड़ने वाली क्लोवरलीफ के निर्माण, बारिश के बाद जलस्तर घटने पर मिट्टी की भराई, मरी माता मंदिर के पास आवश्यक क्लियरेंस तथा नाले और सड़कों के सुदृढ़ीकरण से जुड़े कार्यों की भी समीक्षा की गई।

अधिकारियों को गुणवत्ता और समयसीमा का पालन कराने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान एलडीए के मुख्य अभियंता मानवेन्द्र सिंह, अधिशासी अभियंता मनोज सागर सहित अन्य अधिकारी और अभियंता उपस्थित रहे। उपाध्यक्ष ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि विकास कार्यों की गुणवत्ता से समझौता न हो और निर्धारित समयसीमा के अनुरूप कार्यों को पूरा कराने के लिए लगातार निगरानी रखी जाए।

इन परियोजनाओं के पूरा होने से लखनऊ में मनोरंजन, पर्यटन और यातायात सुविधाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है। हालांकि, परियोजनाओं के वास्तविक लाभ इनके समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन पर निर्भर करेंगे।

Triangle News Lucknow — सच के साथ, सबसे आगे…

शेयर करें

जरूरी खबरें

संबंधित खबरें

319
पेज 13 / 54