शुक्रवार, 30 अक्टूबर 2026 |

फैजुल्लागंज के बाढ़ पीड़ितों के लिए ‘मसीहा’ बनी टीम लखनऊ, राहत सामग्री के साथ बांटी मच्छरदानियां और मॉस्किटो कॉइल

Triangle News

1 hour ago 2 views
फैजुल्लागंज के बाढ़ पीड़ितों के लिए ‘मसीहा’ बनी टीम लखनऊ, राहत सामग्री के साथ बांटी मच्छरदानियां और मॉस्किटो कॉइल

विशेष रिपोर्ट

Rajesh Saxena | Manya Saxena

राजधानी/लखनऊ। बाढ़ का पानी भले ही उतर गया हो, लेकिन प्रभावित परिवारों की मुश्किलें अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुई हैं। घरों में जमा पानी के बाद मच्छरों का बढ़ता प्रकोप और डेंगू-मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा लोगों की चिंता बढ़ा रहा है। ऐसे मुश्किल हालात में फैजुल्लागंज के बाढ़ प्रभावित परिवारों की मदद के लिए ‘टीम लखनऊ’ एक बार फिर आगे आई है। राहत सामग्री वितरण के साथ मच्छरदानियां और मॉस्किटो कॉइल बांटकर टीम ने पीड़ित परिवारों को राहत पहुंचाने की पहल की।

पिछले महीने 27 सितंबर से लगातार हुई मूसलाधार बारिश के कारण फैजुल्लागंज क्षेत्र में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए थे। गोमती नदी के उफान और जलभराव के चलते पानी लोगों के घरों में घुस गया था। इससे हजारों परिवारों का घरेलू सामान, राशन और रोजमर्रा की जरूरतों का कीमती सामान प्रभावित हुआ। कई परिवारों के सामने जीवन की बुनियादी जरूरतें पूरी करने का संकट खड़ा हो गया था। ऐसे समय में टीम लखनऊ ने पीड़ितों का हाथ थामते हुए राहत और सहायता पहुंचाने का सिलसिला शुरू किया।

मौलाना खालिद रशीद फिरंगी महली के संरक्षण में राहत शिविर

बाढ़ के बाद मच्छरों के बढ़ते प्रकोप और मच्छरजनित बीमारियों की आशंका को देखते हुए ऐशबाग स्थित ईदगाह के इमाम एवं टीम लखनऊ के संरक्षक हजरत मौलाना खालिद रशीद फिरंगी महली के संरक्षण में इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया की ओर से विशेष राहत शिविर आयोजित किया गया।

शिविर में बाढ़ प्रभावित परिवारों को आवश्यक राहत सामग्री वितरित की गई। इसके साथ ही मच्छरों से बचाव के लिए बड़ी संख्या में मच्छरदानियां और मॉस्किटो कॉइल भी बांटी गईं। इस पहल का उद्देश्य प्रभावित परिवारों को बाढ़ के बाद पैदा हुई स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों से बचाव में सहयोग देना रहा।

इंसानियत की सेवा ही सबसे बड़ा धर्म: मौलाना खालिद रशीद

इस अवसर पर मौलाना खालिद रशीद फिरंगी महली ने टीम लखनऊ के प्रयासों की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शहर, प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश में कहीं भी आपदा आती है तो टीम लखनऊ के सदस्य जरूरतमंदों की मदद के लिए तत्पर रहते हैं। टीम का यह जज्बा समाज में सेवा, सहयोग और भाईचारे की भावना को मजबूत करता है।

बिना भेदभाव हर जरूरतमंद की मदद हमारा उद्देश्य: मुर्तजा अली

टीम लखनऊ के अध्यक्ष मुर्तजा अली ने कहा कि टीम आपदा के समय बिना किसी भेदभाव के हर जरूरतमंद की सहायता के लिए तैयार रहती है। पीड़ितों की परेशानी को अपनी परेशानी समझना और संकट की घड़ी में उनके साथ खड़ा होना ही टीम का मूल उद्देश्य है।

वहीं, टीम लखनऊ के मीडिया प्रभारी अब्दुल वहीद ने कहा कि इंसानियत की सेवा के लिए टीम हर आपदा और मुसीबत में हमेशा तैयार रही है और आगे भी अपनी जिम्मेदारी निभाती रहेगी।

टीम के संस्थापक सदस्य जुबैर अहमद ने लोगों को संबोधित करते हुए भरोसा दिलाया कि टीम लखनऊ हर पीड़ित परिवार की मदद के लिए लगातार प्रयास करती रहेगी। उन्होंने सेवा, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी के इस संकल्प को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।

शिविर में बड़ी संख्या में सदस्य रहे मौजूद

राहत शिविर में हजरत मौलाना खालिद रशीद फिरंगी महली, टीम लखनऊ के अध्यक्ष मुर्तजा अली, रजिया नवाज, अब्दुल वहीद, जुबैर अहमद, वामिक खान, जसबीर सिंह गांधी, कुदरत उल्ला खान, शहाबुद्दीन कुरैशी, बदरुल हसन एडवोकेट, मो. सैफ, मोहम्मद अली साहिल, मायरा गाजी, मो. आमिर, मो. फरहान, तौसीफ हुसैन, तजम्मुल हुसैन, नजम एहसन, मोहम्मद कैफ, सोनू तिवारी और फहद सहित टीम के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

राहत से आगे बढ़कर इंसानियत की मिसाल

फैजुल्लागंज के बाढ़ प्रभावित परिवारों तक राहत पहुंचाने की यह पहल बताती है कि आपदा के बाद केवल आर्थिक और घरेलू नुकसान से उबरना ही चुनौती नहीं होती, बल्कि लोगों को सुरक्षित और सामान्य जीवन की ओर लौटने में सहयोग देना भी जरूरी है।

टीम लखनऊ की यह पहल सामाजिक एकजुटता, भाईचारे और मानवीय संवेदनाओं की मिसाल पेश करती है। संकट की घड़ी में जरूरतमंदों का हाथ थामकर टीम ने संदेश दिया कि इंसानियत किसी पहचान या भेदभाव की मोहताज नहीं होती। दूसरों के दर्द को समझना और मुश्किल वक्त में उनके साथ खड़ा होना ही सच्ची सामाजिक सेवा है।

---

TRIANGLE NEWS LUCKNOW

सच के साथ, सबसे आगे…

जनता की आवाज | निष्पक्ष पत्रकारिता | विश्वसनीय खबरें

शेयर करें

जरूरी खबरें

संबंधित खबरें

390
पेज 1 / 65