गौतम बुद्ध कॉलेज ऑफ फार्मेसी में ‘स्पार्क 2026’ की धूम, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
Triangle News
फ्रेशर्स पार्टी में नवागंतुक विद्यार्थियों का हुआ स्वागत, AMR के प्रति जागरूकता का दिया संदेश
रिपोर्ट: संजय मुखी
लखनऊ। बिजनौर स्थित गौतम बुद्ध कॉलेज ऑफ फार्मेसी (GBCP) में नवागंतुक विद्यार्थियों के स्वागत के लिए फ्रेशर्स पार्टी ‘स्पार्क (SPARK) 2026’ का भव्य आयोजन किया गया। उत्साह, उमंग और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजे इस समारोह में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के माध्यम से एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (AMR) यानी रोगाणुरोधी दवाओं के प्रति बढ़ते प्रतिरोध के गंभीर खतरे को लेकर जागरूकता का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों और संस्थान के वरिष्ठ अधिकारियों ने भगवान गौतम बुद्ध एवं मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद वरिष्ठ विद्यार्थियों ने नवागंतुक छात्र-छात्राओं का तिलक लगाकर और उपहार भेंट कर स्वागत किया।
रैंप वॉक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
‘स्पार्क 2026’ के मंच पर विद्यार्थियों ने रैंप वॉक, एकल एवं समूह नृत्य, गायन और शेरो-शायरी जैसी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन किया। विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया।
कार्यक्रम में AMR के बढ़ते खतरे और इसके प्रति जनजागरूकता की आवश्यकता पर भी विशेष जोर दिया गया। विद्यार्थियों को संदेश दिया गया कि एंटीमाइक्रोबियल दवाओं का विवेकपूर्ण उपयोग और लोगों को जागरूक करना प्रतिरोधी संक्रमणों की रोकथाम के लिए महत्वपूर्ण है। भविष्य के फार्मासिस्टों के लिए इस विषय की समझ को विशेष रूप से उपयोगी बताया गया।
वशिष्ठ भट्ट, आशना खान, मोहम्मद साजिद और प्रीति बने फ्रेशर
विभिन्न प्रतियोगिताओं के राउंड और निर्णायकों के मूल्यांकन के आधार पर मिस्टर फ्रेशर एवं मिस फ्रेशर का चयन किया गया। बी.फार्मा प्रथम वर्ष से वशिष्ठ भट्ट और आशना खान तथा डी.फार्मा प्रथम वर्ष से मोहम्मद साजिद और प्रीति को क्रमशः मिस्टर फ्रेशर एवं मिस फ्रेशर के खिताब से सम्मानित किया गया। विजेताओं को पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
विद्यार्थियों को अनुशासन और समर्पण के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा
इस अवसर पर गौतम बुद्ध ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन के चेयरमैन सोमिल कुमार कुशवाहा और संस्थान के निदेशक डॉ. अभिषेक सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्षों ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने फार्मेसी को प्रतिष्ठित और जिम्मेदारीपूर्ण क्षेत्र बताते हुए विद्यार्थियों से समर्पण, अनुशासन और लगन के साथ अध्ययन करने की अपील की। साथ ही, अपने व्यावसायिक कौशल को लगातार विकसित करने और भविष्य में बेहतर फार्मासिस्ट बनने के लिए प्रेरित किया।
समारोह के समापन पर वरिष्ठ विद्यार्थियों ने नवागंतुकों को स्मृति चिह्न भेंट किए। इसके बाद नृत्य प्रस्तुतियों और सायंकालीन भोज के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। आयोजन में संस्थान के शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।
‘स्पार्क 2026’ नवागंतुक विद्यार्थियों के लिए यादगार अनुभव बना। इस आयोजन ने सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, प्रतिभा और आपसी समन्वय को प्रोत्साहित करने का अवसर भी प्रदान किया।
Triangle News Lucknow — सच के साथ, सबसे आगे…