सोमवार, 9 नवम्बर 2026 |
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

एसजीपीजीआई गैस प्लांट कर्मचारियों को इस साल भी नहीं मिला दीपावली बोनस, भेदभाव और शोषण के लगाए आरोप

Triangle News

1 day ago 196 views
एसजीपीजीआई गैस प्लांट कर्मचारियों को इस साल भी नहीं मिला दीपावली बोनस, भेदभाव और शोषण के लगाए आरोप

Report: Sanjay Mukhi

Triangle News Lucknow

राजधानी / लखनऊ। संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) में गैस प्लांट के संचालन से जुड़े कर्मचारियों ने इस वर्ष भी दीपावली बोनस नहीं मिलने पर नाराजगी जताई है। कर्मचारियों का आरोप है कि संस्थान के अन्य विभागों में कर्मचारियों को दीपावली बोनस दिया गया, लेकिन गैस प्लांट में कार्यरत कर्मचारियों को इससे वंचित रखा गया। उनका कहना है कि पिछले वर्ष भी उन्हें बोनस नहीं मिला था।

छुट्टियों और अन्य सुविधाओं से वंचित रखने का आरोप

कर्मचारियों के मुताबिक, उन्हें नियमानुसार त्योहारों की छुट्टियां, आकस्मिक अवकाश और दीपावली बोनस जैसी सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। उनका दावा है कि इस संबंध में कई बार पत्राचार किया गया, लेकिन अब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ।

कर्मचारियों ने बताया कि गैस प्लांट का संचालन सिग्मा मेडिटेक प्राइवेट लिमिटेड, नई दिल्ली के माध्यम से किया जा रहा है। इसके लिए उन्होंने GEM BID नंबर GEM-2021-B1816644 और अनुबंध संख्या 732-2022-23 का उल्लेख किया। कर्मचारियों का आरोप है कि कंपनी और संबंधित नोडल अधिकारी के स्तर पर उनके साथ अनुचित व्यवहार किया जा रहा है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

आउटसोर्स सेवा निगम में शामिल करने की मांग

कर्मचारियों ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री से लेकर संस्थान के निदेशक तक अपनी समस्याओं को लेकर पत्र भेजे हैं। प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से भी अपनी मांगें उठाई हैं। उनकी प्रमुख मांग है कि उन्हें आउटसोर्स सेवा निगम के अंतर्गत शामिल करने की दिशा में कदम उठाए जाएं।

इसके साथ ही आगामी टेंडर व्यवस्था में संशोधन कर कर्मचारियों के लिए वेतन, अवकाश, चिकित्सा सुविधा और अन्य देय सुविधाओं का स्पष्ट प्रावधान करने की मांग की गई है।

आवाज उठाने पर नौकरी से हटाने का आरोप

कर्मचारियों का यह भी आरोप है कि जो कर्मचारी अपनी मांगों और अधिकारों को लेकर आवाज उठाता है, उसे नौकरी से बाहर करने की कार्रवाई का सामना करना पड़ता है। इसी आशंका के चलते अन्य कर्मचारी भी खुलकर अपनी बात रखने से डरते हैं। हालांकि, इन आरोपों पर संबंधित कंपनी और संस्थान प्रशासन का पक्ष सामने आना बाकी है।

कर्मचारियों ने यह भी बताया कि इससे पहले यूनिसी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के कार्यकाल में उन्हें बोनस, अवकाश सहित विभिन्न सुविधाएं मिलती थीं। उनके अनुसार, मौजूदा व्यवस्था में ये सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं।

मुख्यमंत्री और संस्थान प्रशासन से हस्तक्षेप की अपील

गैस प्लांट कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मामले का संज्ञान लेकर संबंधित विभाग और एसजीपीजीआई प्रशासन को आवश्यक निर्देश देने की अपील की है। साथ ही संस्थान के निदेशक एवं प्रशासन से मांग की है कि सेवा प्रदाता कंपनी के माध्यम से कार्यरत कर्मचारियों को नियमानुसार त्योहारों की छुट्टियां, आकस्मिक अवकाश, दीपावली बोनस और अन्य देय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

कर्मचारियों का कहना है कि उनकी मांग किसी विशेष रियायत की नहीं, बल्कि नियमानुसार मिलने वाले अधिकारों, श्रम के सम्मान और मानवीय संवेदनाओं से जुड़ी है।

नोट: इस खबर में प्रस्तुत शोषण, भेदभाव और सुविधाएं नहीं मिलने से संबंधित बातें कर्मचारियों द्वारा लगाए गए आरोपों एवं उनके दावों पर आधारित हैं। संबंधित कंपनी और एसजीपीजीआई प्रशासन का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

Triangle News Lucknow — सच के साथ, सबसे आगे…

शेयर करें

जरूरी खबरें

विज्ञापन

Advertisement
Advertisement
Advertisement

संबंधित खबरें

560
पेज 12 / 94