शनिवार, 17 अक्टूबर 2026 |

RLD की यूपी में संगठन विस्तार की तैयारी तेज, त्रिलोक त्यागी बोले—बूथ स्तर पर मजबूत हों कार्यकर्ता

Triangle News

1 week ago 34 views
RLD की यूपी में संगठन विस्तार की तैयारी तेज, त्रिलोक त्यागी बोले—बूथ स्तर पर मजबूत हों कार्यकर्ता

लखनऊ | ब्यूरो रिपोर्ट

राष्ट्रीय लोकदल की बैठक में सदस्यता अभियान, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और गांव-गांव जनसंपर्क पर जोर

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में संगठन को मजबूत बनाने के लिए राष्ट्रीय लोकदल (RLD) ने अपनी गतिविधियां तेज करने पर जोर दिया है। गुरुवार को लखनऊ स्थित पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष ऐश्वर्य राज सिंह की अध्यक्षता में कार्यकर्ता बैठक आयोजित हुई। बैठक में राष्ट्रीय महासचिव संगठन त्रिलोक त्यागी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान सदस्यता अभियान, संगठन विस्तार और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की रणनीति पर चर्चा हुई।

बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का आह्वान

बैठक को संबोधित करते हुए त्रिलोक त्यागी ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल की असली ताकत उसके कार्यकर्ता होते हैं। उन्होंने पदाधिकारियों से गांव, कस्बों और शहरों में जनता के बीच पहुंचकर स्थानीय समस्याओं को समझने और उन्हें प्रभावी ढंग से उठाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि चौधरी चरण सिंह की विचारधारा किसानों, मजदूरों और ग्रामीण समाज के हितों से जुड़ी रही है। राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह के नेतृत्व में पार्टी संगठन को और व्यापक बनाने के प्रयास कर रही है।

युवाओं, किसानों और महिलाओं को जोड़ने पर जोर

प्रदेश अध्यक्ष ऐश्वर्य राज सिंह ने कहा कि संगठन को सक्रिय बनाने के साथ कार्यकर्ताओं से निरंतर संवाद बनाए रखना प्राथमिकता है। उन्होंने युवाओं, किसानों, महिलाओं और श्रमिकों को पार्टी से जोड़ने तथा नई पीढ़ी तक राष्ट्रीय लोकदल की विचारधारा पहुंचाने पर जोर दिया।

कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अनुपम मिश्रा ने भी बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने और प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं के साथ संवाद बढ़ाने की बात कही। वहीं, राष्ट्रीय महासचिव एवं संसदीय बोर्ड सदस्य अनिल दुबे ने पार्टी की नीतियों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।

दिवंगत आत्मा की शांति के लिए रखा मौन

प्रदेश मीडिया प्रभारी मयंक त्रिवेदी के अनुसार, बैठक में अनिल दुबे की माताजी के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

बैठक में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संगठन की गतिविधियों पर चर्चा की तथा इसे जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने के लिए अपने सुझाव रखे। बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Triangle News Lucknow — सच के साथ, सबसे आगे।

शेयर करें

संबंधित खबरें

225
पेज 2 / 38