वाराणसी में एयर शो की तैयारियां तेज! नगर आयुक्त ने राजघाट से नमो घाट तक परखी व्यवस्थाएं, सफाई और अतिक्रमण पर सख्त निर्देश
Triangle News
रिपोर्ट: अतुल कुमार सिंह | वाराणसी
Triangle News Lucknow
वाराणसी। भारतीय वायु सेना दिवस की 94वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में नमो घाट पर आयोजित होने वाले भव्य एयर शो को लेकर नगर निगम प्रशासन अलर्ट मोड में है। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने रविवार को राजघाट से लेकर अन्य प्रमुख घाटों तक पैदल निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
सफाई में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने घाटों, संपर्क मार्गों और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई की स्थिति परखी। उन्होंने सफाई कर्मचारियों और संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने जोनल अधिकारियों को निर्देशित किया कि संपर्क मार्गों से अतिक्रमण तत्काल हटाया जाए और जगह-जगह पड़े मलबे को पूरी तरह साफ कराया जाए, ताकि एयर शो के दौरान लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।
घाटों से गलियों तक व्यवस्थाओं की समीक्षा
नगर आयुक्त के निरीक्षण के दौरान जोनल अधिकारी पवन गुप्ता, अधिशासी अभियंता विकास कुरील, जेई सिद्धार्थ सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी और सफाईकर्मी मौजूद रहे। अधिकारियों ने घाटों से लेकर आसपास की गलियों तक साफ-सफाई और अन्य नागरिक सुविधाओं का जायजा लिया।
एयर शो जैसे बड़े आयोजन को देखते हुए नगर निगम का जोर घाटों की स्वच्छता, संपर्क मार्गों को अतिक्रमण मुक्त बनाने और व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने पर है।
Triangle News Lucknow — सच के साथ, सबसे आगे…