वाराणसी में त्योहारों को लेकर पुलिस अलर्ट, DCP वरुणा जोन ने किया पैदल गश्त; अतिक्रमण हटवाया
Triangle News
नो-पार्किंग में खड़े वाहनों के चालान, संदिग्धों से पूछताछ; सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

विशेष रिपोर्ट
अनुराग सिंह बिष्ट | Triangle News Lucknow
वाराणसी/उत्तर प्रदेश। आगामी त्योहारों के मद्देनजर वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस ने सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। इसी क्रम में मंगलवार, 3 नवंबर 2026 को पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन राजेश कुमार पाण्डेय ने पुलिस बल के साथ क्षेत्र में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान अतिक्रमण हटवाने के साथ यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी की गई।
पाण्डेयपुर से ताड़ीखाना तिराहे तक पैदल गश्त
पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संध्या समय पाण्डेयपुर चौराहा से हुकुलगंज होते हुए ताड़ीखाना तिराहे तक पैदल गश्त की। इस दौरान रास्ते में संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की गई और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर उनकी गतिविधियों पर नजर रखी गई।
नो-पार्किंग में खड़े वाहनों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की गई। साथ ही मौके पर अतिक्रमण हटवाकर संबंधित लोगों को भविष्य में दोबारा अतिक्रमण नहीं करने की हिदायत दी गई।
सुरक्षा व्यवस्था और यातायात पर विशेष जोर
पैदल गश्त के दौरान डीसीपी ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था का जायजा लिया। आमजन से संवाद कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया।
ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता के साथ जिम्मेदारी निभाने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों पर विशेष नजर रखने और यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के निर्देश
पुलिस उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहने तथा अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने के निर्देश दिए।
त्योहारों के दौरान शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पुलिस की सक्रियता बढ़ाने के साथ आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया।
Triangle News Lucknow
सच के साथ, सबसे आगे…