शुक्रवार, 16 अक्टूबर 2026 |

बदहाल बदालीखेड़ा में जनसमस्याओं पर फूटा लोगों का गुस्सा, सड़कों पर उतरकर किया प्रदर्शन

Triangle News

4 days ago 27 views
बदहाल बदालीखेड़ा में जनसमस्याओं पर फूटा लोगों का गुस्सा, सड़कों पर उतरकर किया प्रदर्शन

आठ साल से सड़क और नाली निर्माण का इंतजार, स्ट्रीट लाइट न होने से अंधेरे में डूबता है इलाका; जनप्रतिनिधियों पर अनदेखी का आरोप

Triangle News Lucknow | लखनऊ।

राजधानी लखनऊ के सरोजनीनगर द्वितीय वार्ड के अंतर्गत झंडेवाला चौराहा, बदालीखेड़ा में बुनियादी सुविधाओं की बदहाली को लेकर स्थानीय नागरिकों का आक्रोश सामने आया। क्षेत्र की वर्षों पुरानी समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर लोगों ने सड़क पर उतरकर मार्च निकाला और सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया। योगी सेना भारत के उपाध्यक्ष मोहित मिश्रा के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में स्थानीय नागरिकों ने सड़क, नाली, स्ट्रीट लाइट और साफ-सफाई जैसी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।

आठ साल से सड़क और नाली निर्माण का इंतजार

प्रदर्शन में शामिल नागरिकों ने आरोप लगाया कि बदालीखेड़ा में पिछले करीब आठ वर्षों से सड़कों और नालियों का निर्माण नहीं कराया गया है। क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था नहीं होने के कारण शाम ढलते ही कई हिस्सों में अंधेरा छा जाता है। इससे स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है।

गंदगी से बीमारी फैलने का खतरा, जनप्रतिनिधियों से नाराजगी

स्थानीय नागरिकों ने बताया कि क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए कई बार विधायक, महापौर और पार्षद को ज्ञापन दिए जा चुके हैं, लेकिन उनके अनुसार अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। लोगों ने गंदगी और जल निकासी की समस्याओं पर चिंता जताते हुए कहा कि इससे संक्रमण और अन्य बीमारियों का खतरा बना रहता है।

प्रदर्शनकारियों ने संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से क्षेत्र की समस्याओं का जल्द समाधान कराने, सड़कों और नालियों का निर्माण कराने तथा स्ट्रीट लाइट लगवाने की मांग की।

योगी सेना भारत के पदाधिकारी रहे मौजूद

योगी सेना भारत के तत्वावधान में आयोजित विरोध प्रदर्शन के बाद हुई सभा में संगठन के प्रमुख गौरव वर्मा, महासचिव ज्योति वर्मा, राष्ट्रीय सचिव सूरज साहू, कोषाध्यक्ष गीतांजलि, मंत्री विशाल तिवारी, युवा नेता दिव्यांश, आशुतोष द्विवेदी और मानसी शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

प्रदर्शन के माध्यम से स्थानीय नागरिकों ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्रमुख मांग है। अब देखना होगा कि संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधि बदालीखेड़ा की समस्याओं के समाधान के लिए क्या कदम उठाते हैं।

Triangle News Lucknow — सच के साथ, सबसे आगे।

शेयर करें

जरूरी खबरें

संबंधित खबरें

200
पेज 1 / 34