लखनऊ में ‘वन टाटा वॉकाथन’ का आयोजन, 350 से अधिक लोगों ने फिटनेस के लिए बढ़ाए कदम
Triangle News
रिपोर्ट: राजेश सक्सेना | Triangle News Lucknow
लखनऊ, 25 अक्टूबर 2026। स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से अपोलोमेडिक्स सुपरस्पेशलिटी हॉस्पिटल, लखनऊ ने टाटा मोटर्स के साथ मिलकर ‘वन टाटा वॉकाथन’ का आयोजन किया। इस पहल में टाटा समूह की विभिन्न कंपनियों के 350 से अधिक लोगों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और नियमित शारीरिक गतिविधि के जरिए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत होटल ताज महल, लखनऊ से हुई, जहां से वॉकाथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। प्रतिभागियों ने पैदल चलते हुए जनेश्वर मिश्र पार्क के गेट नंबर-6 तक की यात्रा की और वहां से वापस होटल ताज महल पहुंचकर वॉकाथन पूरी की।
इस आयोजन में टाटा मोटर्स, टाटा पावर, तनिष्क, होटल ताज महल, वोल्टास, क्रोमा और टाइटन सहित टाटा समूह की कई कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भागीदारी की। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों को फिटनेस के प्रति जागरूक करना और दैनिक जीवन में शारीरिक सक्रियता को महत्व देने के लिए प्रेरित करना रहा।
अस्पताल और टाटा समूह के वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
वॉकाथन में अपोलोमेडिक्स सुपरस्पेशलिटी हॉस्पिटल के एमडी एवं सीईओ डॉ. मयंक सोमानी, हार्ट सर्जन डॉ. भरत दुबे और लिवर ट्रांसप्लांट सर्जन डॉ. अभिषेक यादव उपस्थित रहे।
वहीं, टाटा मोटर्स प्लांट लखनऊ के हेड दीपक कुमार, टाटा मोटर्स के सीएमओ डॉ. रोहित कुमार, होटल ताज महल लखनऊ के जीएम अफजल खान, टाटा पावर के सीईओ सुबोध दीक्षित और तनिष्क से संजय सिंह सहित टाटा समूह के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
बीमारियों से बचाव के लिए जरूरी है सक्रिय जीवनशैली: डॉ. मयंक सोमानी
इस अवसर पर अपोलोमेडिक्स सुपरस्पेशलिटी हॉस्पिटल, लखनऊ के एमडी एवं सीईओ डॉ. मयंक सोमानी ने कहा कि अस्पताल का प्रयास केवल लोगों को बेहतर चिकित्सा उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि उन्हें बीमारियों से बचाव और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना भी है।
उन्होंने कहा कि शारीरिक सक्रियता स्वस्थ जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ‘वन टाटा वॉकाथन’ के माध्यम से फिटनेस और सेहत को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया है। उन्होंने इस पहल में टाटा मोटर्स और टाटा समूह की अन्य कंपनियों की भागीदारी पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि जब बड़ी संख्या में लोग एक साथ स्वास्थ्य के लिए कदम बढ़ाते हैं, तो समाज में सकारात्मक संदेश जाता है।
स्वस्थ समाज की दिशा में सामूहिक पहल
‘वन टाटा वॉकाथन’ के जरिए प्रतिभागियों ने नियमित पैदल चलने, शारीरिक सक्रियता बनाए रखने और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने का संदेश दिया। अस्पताल और टाटा समूह की इस संयुक्त पहल ने फिटनेस को सामुदायिक भागीदारी से जोड़ते हुए स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया।
Triangle News Lucknow — सच के साथ, सबसे आगे।