जंतर-मंतर प्रदर्शन से दूर रहें मुस्लिम युवा, मौलाना शहाबुद्दीन रजवी की अपील
Triangle News
लखनऊ | रिपोर्ट: राजेश सक्सेना | Triangle News Lucknow
लखनऊ। दिल्ली के जंतर-मंतर पर 10 अक्टूबर को प्रस्तावित कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन को लेकर ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने राजनीतिक बयान जारी किया है। उन्होंने मुस्लिम युवाओं, खासकर दिल्ली और आसपास के जिलों में रहने वाले युवाओं से प्रदर्शन में शामिल नहीं होने की अपील की है।
“प्रदर्शन करना संवैधानिक अधिकार, हिंसा स्वीकार नहीं”
मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने कहा कि धरना-प्रदर्शन करना और अपनी आवाज उठाना हर व्यक्ति का संवैधानिक अधिकार है, लेकिन विरोध के नाम पर हिंसा किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जा सकती। उन्होंने पिछले प्रदर्शनों के दौरान हिंसा भड़कने का जिक्र करते हुए कहा कि उनमें शामिल कुछ मुस्लिम युवाओं को बाद में परेशानियों का सामना करना पड़ा था।
दिल्ली और आसपास के युवाओं से खास अपील
मौलाना ने दिल्ली और उससे सटे जिलों में रहने तथा काम करने वाले मुस्लिम युवाओं से जंतर-मंतर पर होने वाले प्रदर्शन से दूरी बनाए रखने की अपील की। उन्होंने अभिभावकों से भी कहा कि वे अपने बच्चों को प्रदर्शन में शामिल होने से रोकने के लिए समझाएं।
10 अक्टूबर को होना है प्रदर्शन
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन का आह्वान किया है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, दिल्ली पुलिस ने इस प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है।
मौलाना रजवी ने दोहराया कि शांतिपूर्ण विरोध लोकतांत्रिक व्यवस्था का हिस्सा है, लेकिन प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना भी जरूरी है।