गुरूवार, 22 अक्टूबर 2026 |

लखनऊ में बाढ़ प्रभावित इलाकों के लिए महापौर सुषमा खर्कवाल सख्त, सफाई से लेकर पेयजल तक की समीक्षा; अधिकारियों को रोस्टर बनाकर काम कराने के निर्देश! फैजुल्लागंज से हरि नगर तक राहत कार्यों पर जोर

Triangle News

7 hours ago 36 views
लखनऊ में बाढ़ प्रभावित इलाकों के लिए महापौर सुषमा खर्कवाल सख्त, सफाई से लेकर पेयजल तक की समीक्षा; अधिकारियों को रोस्टर बनाकर काम कराने के निर्देश! फैजुल्लागंज से हरि नगर तक राहत कार्यों पर जोर

Report: Rajesh Saxena | Manya Saxena

Triangle News Lucknow | नगर निगम विशेष रिपोर्ट

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों को गति देने के लिए महापौर सुषमा खर्कवाल ने नगर निगम और जलकल विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बुधवार, 21 अक्टूबर 2026 को स्मार्ट सिटी कार्यालय में आयोजित बैठक में प्रभावित इलाकों में सफाई, मच्छरों से बचाव, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, सेप्टिक टैंकों की सफाई और स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

महापौर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य व्यवस्थित तरीके से संचालित किए जाएं और किसी भी इलाके की अनदेखी न हो। इसके लिए अधिकारियों को कार्यों का रोस्टर तैयार करने को कहा गया।

फैजुल्लागंज से हरि नगर तक राहत कार्यों पर जोर

बैठक में नगर निगम के जोन-3 और जोन-6 के अंतर्गत आने वाले बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति की समीक्षा की गई।

जोन-3 के फैजुल्लागंज, मामा कॉलोनी, दाऊदनगर, लोरामऊ और मिल्लत नगर सहित जोन-6 के बसंत कुंज, माल रोड और हरि नगर में राहत एवं सफाई कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराने के निर्देश दिए गए।

महापौर ने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी क्षेत्रवार रोस्टर बनाकर काम कराएं, ताकि नियमित निगरानी हो सके और प्रभावित नागरिकों को आवश्यक सुविधाएं समय पर मिलें।

सफाई, चूने का छिड़काव और एंटी लार्वा अभियान

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जलभराव के बाद संक्रमण और मच्छरों के प्रजनन की आशंका को देखते हुए सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने पर जोर दिया गया।

महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित इलाकों में नियमित सफाई कराई जाए, चूने का छिड़काव किया जाए और मच्छरों के प्रजनन पर नियंत्रण के लिए एंटी लार्वा का छिड़काव सुनिश्चित किया जाए।

इसके अलावा क्षतिग्रस्त सड़कों को आवागमन योग्य बनाने और सेप्टिक टैंकों की सफाई सहित अन्य जरूरी कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने को कहा गया।

समरसेबल का पानी पीने से बचें, टैंकरों से मिलेगा स्वच्छ पेयजल

बैठक में पेयजल व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। महापौर ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में समरसेबल पंप के पानी का उपयोग पीने के लिए न करने के संबंध में लगातार जनजागरूकता अभियान चलाया जाए।

इसके लिए प्रभावित इलाकों में अनाउंसमेंट कराने और नागरिकों को सावधानी बरतने की जानकारी देने के निर्देश दिए गए। साथ ही नगर निगम एवं जलकल विभाग को पानी के टैंकरों के माध्यम से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने को कहा गया, ताकि लोगों को पीने के पानी की समस्या का सामना न करना पड़े।

अधिकारियों को नियमित निगरानी की जिम्मेदारी

महापौर ने राहत कार्यों में निरंतरता बनाए रखने और नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करने पर जोर दिया। बैठक में नगर निगम और जलकल विभाग के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यों की निगरानी करने तथा जरूरत के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में लखनऊ के महापौर प्रतिनिधि दिवाकर त्रिपाठी, राघवेंद्र शुक्ला, अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्त, डॉ. अरविंद कुमार राव, मुख्य अभियंता (सिविल), मुख्य अभियंता (आरआर), जोनल अधिकारी, जोनल सेनेटरी ऑफिसर, अधिशासी अभियंता और एसएफआई सहित नगर निगम एवं जलकल विभाग के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Triangle News Lucknow की रिपोर्ट: बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत, स्वच्छता और सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करना प्रशासन के लिए अहम चुनौती है। अब देखना होगा कि रोस्टर के अनुसार चलने वाले राहत कार्यों से प्रभावित नागरिकों को कितनी जल्दी राहत मिलती है।

Triangle News Lucknow — सच के साथ, सबसे आगे…

शेयर करें

जरूरी खबरें

संबंधित खबरें

265
पेज 16 / 45