धनतेरस पर लखनऊ पुलिस अलर्ट: तेलीबाग पटाखा मार्केट से खुर्दही बाजार तक अधिकारियों ने किया पैदल गश्त, सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था का लिया जायजा
Triangle News
Report: Rajesh Saxena | Prashant Yadav
ट्राएंगल न्यूज़ लखनऊ
राजधानी / लखनऊ। धनतेरस और दीपावली के त्योहार को देखते हुए राजधानी लखनऊ में सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। 6 नवंबर 2026 को पुलिस उपायुक्त दक्षिणी श्री मोहम्मद मुश्ताक के निर्देशन में दक्षिणी क्षेत्र के प्रमुख बाजारों में पुलिस अधिकारियों ने पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और संबंधित पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
तेलीबाग पटाखा मार्केट में ACP गोसाईंगंज ने की गश्त
धनतेरस की संध्या पर सहायक पुलिस आयुक्त गोसाईंगंज ने थाना पीजीआई पुलिस टीम के साथ तेलीबाग स्थित पटाखा मार्केट में पैदल गश्त की। इस दौरान बाजार की भीड़, यातायात व्यवस्था और कानून एवं शांति व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। संबंधित पुलिसकर्मियों को भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए।
खुर्दही बाजार में DCP दक्षिणी ने परखी सुरक्षा व्यवस्था
वहीं, पुलिस उपायुक्त दक्षिणी श्री मोहम्मद मुश्ताक ने थाना सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र के खुर्दही बाजार में पैदल गश्त कर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने व्यापारियों और आम नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव सुने और उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
त्योहारों को लेकर पुलिस को दिए गए प्रमुख निर्देश
पुलिस उपायुक्त ने अधिकारियों और पुलिस बल को निर्देशित किया कि—
- प्रमुख बाजारों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहे।
- प्रमुख चौराहों और जाम की आशंका वाले स्थानों पर यातायात पुलिस की प्रभावी ड्यूटी लगाई जाए।
- बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर लगातार पैदल गश्त तथा संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की जाए।
- ज्वेलरी शॉप, बैंक और अन्य महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों के आसपास विशेष सतर्कता बरती जाए।
- महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मियों की सक्रिय मौजूदगी सुनिश्चित की जाए।
- व्यापारियों और आम नागरिकों से संवाद बनाए रखते हुए उनकी समस्याओं का समाधान किया जाए।
दीपावली, भाई दूज और छठ पूजा तक सतर्कता के निर्देश
पुलिस अधिकारियों ने पुलिस बल को निर्देश दिए कि दीपावली, भाई दूज और छठ पूजा के दौरान पूरी मुस्तैदी, सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी निभाई जाए। त्योहारों के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ आमजन की सुरक्षा और यातायात को सुचारु रखना प्राथमिकता रहे।
ट्राएंगल न्यूज़ लखनऊ — सच के साथ, सबसे आगे…