लखनऊ: 13 सूत्रीय मांगों को लेकर नर्सेज का आंदोलन जारी, बलरामपुर चिकित्सालय में काला फीता बांधकर जताया विरोध
Triangle News
9 अक्टूबर से चरणबद्ध आंदोलन, मांगें पूरी नहीं होने पर आगे भी जारी रहेगा विरोध
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में राजकीय नर्सेज का अपनी 13 सूत्रीय मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन लगातार जारी है। राजकीय नर्सेज संघ, उत्तर प्रदेश के आह्वान पर प्रदेश के सरकारी चिकित्सालयों और मेडिकल कॉलेजों में नर्सिंग संवर्ग के कर्मचारी बांह पर काला फीता बांधकर अपनी सेवाएं देते हुए शांतिपूर्ण विरोध जता रहे हैं। इसी क्रम में लखनऊ स्थित बलरामपुर चिकित्सालय में भी नर्सेज ने काला फीता बांधकर अपनी मांगों के समर्थन में आंदोलन जारी रखा।
संघ के पूर्व निर्धारित आंदोलन कार्यक्रम के तहत नर्सिंग संवर्ग ने अपनी लंबित मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू किया है। आंदोलनकारी नर्सेज का कहना है कि वे मरीजों की सेवा और चिकित्सालयों के कार्य को प्रभावित किए बिना अपनी मांगों की ओर शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं। इसके बावजूद उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो सका है।
क्या हैं नर्सेज की प्रमुख मांगें?
राजकीय नर्सेज संघ की 13 सूत्रीय मांगों में नर्सिंग संवर्ग को समान भत्ते प्रदान करना, गृह जनपद में तैनाती की व्यवस्था लागू करना और निदेशालय से लेकर चिकित्सालय स्तर तक पात्र पदों पर पदोन्नति सुनिश्चित करना प्रमुख रूप से शामिल है।
इसके अलावा नर्सिंग संवर्ग के रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया पूरी करने, बीएससी नर्सिंग की तरह उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए सवेतन अवकाश की सुविधा देने तथा चिकित्सालयों में क्रेच (पालनाघर) की व्यवस्था लागू करने जैसी मांगें भी उठाई गई हैं।
मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी
संघ ने स्पष्ट किया है कि जब तक मांगों के संबंध में शासनादेश जारी नहीं किए जाते, तब तक आंदोलन पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा। नर्सेज का कहना है कि उनकी मांगें लंबे समय से लंबित हैं और इनके समाधान से नर्सिंग संवर्ग की कार्यस्थितियों में सुधार होगा।
शासन-प्रशासन के फैसले पर टिकी निगाहें
प्रदेशभर में जारी इस विरोध प्रदर्शन के बीच अब नर्सिंग संवर्ग की निगाहें शासन-प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हैं। नर्सेज अपनी मांगों को लेकर लगातार आवाज उठा रही हैं। फिलहाल बलरामपुर चिकित्सालय समेत विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में काला फीता बांधकर विरोध जताने का सिलसिला जारी है।
Triangle News Lucknow | सच के साथ, सबसे आगे।