शुक्रवार, 6 नवम्बर 2026 |
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

दीवाली से पहले 2,243 परिवारों की खुशियां हुईं दोगुनी, LDA की लॉटरी में मिला भूखण्ड

Triangle News

1 day ago 70 views
दीवाली से पहले 2,243 परिवारों की खुशियां हुईं दोगुनी, LDA की लॉटरी में मिला भूखण्ड

Report: Rajesh Saxena | Prashant Yadav

राजधानी / लखनऊ। दीवाली से पहले लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने हजारों आवेदकों के इंतजार को खुशियों में बदल दिया। नैमिष नगर और वरुण विहार आवासीय योजना के प्रथम चरण में बुधवार को 2,243 भूखण्डों का लॉटरी के माध्यम से आवंटन किया गया। जैसे ही लॉटरी में आवेदकों के नाम की पर्चियां खुलीं, किसी के चेहरे पर मुस्कान बिखर गई तो किसी की आंखें खुशी से नम हो गईं।

इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित इस लॉटरी प्रक्रिया में आवेदकों को खुले मंच पर बुलाकर उन्हीं के हाथों से पर्चियां निकलवाई गईं। पूरी प्रक्रिया का यू-ट्यूब चैनल पर लाइव प्रसारण भी किया गया। अब 5 और 6 नवंबर को अन्य श्रेणियों के भूखण्डों के लिए लॉटरी निकाली जाएगी।

LDA उपाध्यक्ष और सचिव ने किया निरीक्षण

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान पहुंचकर लॉटरी कार्यक्रम का जायजा लिया। उन्होंने आवंटन प्रक्रिया और आवेदकों के लिए की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को पारदर्शिता के साथ प्रक्रिया पूरी कराने के निर्देश दिए। उन्होंने लॉटरी में शामिल आवेदकों को शुभकामनाएं भी दीं।

वहीं, एलडीए सचिव सुशील प्रताप सिंह ने भी कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से आवंटन प्रक्रिया की जानकारी ली और निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित तरीके से लॉटरी संपन्न कराने के निर्देश दिए।

वरुण विहार में 1,522 भूखण्डों का आवंटन

अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा के मुताबिक, इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के जुपिटर सभागार में वरुण विहार योजना के प्रथम चरण की लॉटरी आयोजित की गई। पहले दिन 112.5 वर्गमीटर क्षेत्रफल के 1,522 भूखण्डों का आवंटन किया गया।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 5 नवंबर को 200 वर्गमीटर के 617 भूखण्डों और 6 नवंबर को 162, 288, 300 एवं 450 वर्गमीटर क्षेत्रफल के 727 भूखण्डों की लॉटरी निकाली जाएगी।

नैमिष नगर में 721 भूखण्डों का लकी ड्रॉ

अपर सचिव सीपी त्रिपाठी ने बताया कि इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के मार्स हॉल में नैमिष नगर योजना की लॉटरी आयोजित हुई। पहले दिन 72 वर्गमीटर के 197 और 112.5 वर्गमीटर के 524 भूखण्डों का आवंटन किया गया। इस तरह नैमिष नगर में कुल 721 भूखण्डों का लकी ड्रॉ हुआ।

5 नवंबर को 162 और 200 वर्गमीटर के 819 भूखण्डों तथा 6 नवंबर को 288 और 450 वर्गमीटर के 133 भूखण्डों की लॉटरी निकाली जाएगी।

38,457 आवेदकों ने कराया था पंजीकरण

एलडीए के अनुसार, नैमिष नगर और वरुण विहार योजनाओं के लिए 24 सितंबर से 27 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया चली थी। दोनों योजनाओं में कुल 38,457 लोगों ने पंजीकरण कराया। पहले दिन 2,243 भूखण्डों का आवंटन किया गया।

लॉटरी को पारदर्शी बनाने के लिए आवेदकों को खुले मंच पर बुलाकर उनके हाथों से पर्चियां निकलवाई गईं। साथ ही पूरी प्रक्रिया का यू-ट्यूब पर लाइव प्रसारण किया गया।

सफल आवेदकों ने की व्यवस्था की सराहना

लॉटरी में सफल रहे आदित्य प्रताप, मूसा देवी और अनीता कुमारी रत्ना ने आयोजन की व्यवस्थाओं की सराहना की। वहीं रोहित कुमार त्रिपाठी, गौरव सिंह और राजेश कुमार समेत अन्य आवेदकों ने भी एलडीए की व्यवस्था पर संतोष जताते हुए प्राधिकरण का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा, सीपी त्रिपाठी, संयुक्त सचिव सोमकमल सीताराम, उप सचिव माधवेश कुमार, प्रभारी अधिकारी-योजना रवि नंदन सिंह और विशेष कार्याधिकारी राजीव कुमार सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

Triangle News Lucknow — सच के साथ, सबसे आगे…

शेयर करें

विज्ञापन

Advertisement
Advertisement
Advertisement

संबंधित खबरें

501
पेज 55 / 84