शुक्रवार, 6 नवम्बर 2026 |
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

नवयुग कन्या महाविद्यालय में सजा दीपावली मेले का रंग, संस्कृति और रचनात्मकता के संग रोशनी का उत्सव

Triangle News

1 day ago 50 views
नवयुग कन्या महाविद्यालय में सजा दीपावली मेले का रंग, संस्कृति और रचनात्मकता के संग रोशनी का उत्सव

Report: Priyanshu Saxena | Manya Saxena

राजधानी / लखनऊ। दीपावली के उल्लास, भारतीय संस्कृति की झलक और छात्राओं की रचनात्मक प्रतिभा का अनूठा संगम नवयुग कन्या महाविद्यालय, राजेंद्र नगर में देखने को मिला। यहां रंग दे बसंती संस्था एवं महाविद्यालय की अहिल्याबाई होलकर सांस्कृतिक समिति के संयुक्त तत्वावधान में भव्य दीपावली मेले का आयोजन किया गया। रंग-बिरंगे स्टॉल, पारंपरिक सजावट, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और उत्साह से पूरा परिसर रोशनी और उमंग से सराबोर नजर आया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथियों में संगीत नाटक अकादमी की उपाध्यक्ष विभा सिंह और अटारी ग्राम प्रधान एवं प्रधान संघ अध्यक्ष (माल) संयोगिता सिंह चौहान शामिल रहीं। महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. मंजुला उपाध्याय भी कार्यक्रम में मौजूद रहीं।

दीप प्रज्ज्वलन और पारंपरिक स्वागत के साथ शुभारंभ

मेले का उद्घाटन अतिथियों ने फीता काटकर किया। भारतीय परंपरा के अनुरूप अतिथियों का रोली-चावल से तिलक लगाकर स्वागत किया गया। इसके बाद दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ हुआ। अतिथियों को पौधे, स्मृति चिह्न और अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया गया।

स्वदेशी और ईको-फ्रेंडली दीपावली के संदेश से सजे स्टॉल

मेले में छात्राओं ने खानपान सहित विभिन्न आकर्षक स्टॉल लगाए। मिट्टी के दीपक, हस्तनिर्मित तोरण, रंगोली और घरेलू व्यंजनों ने मेले की रौनक बढ़ाई। स्वदेशी और पर्यावरण अनुकूल दीपावली का संदेश देते हुए छात्राओं ने अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया।

विशेष आकर्षण दिव्यांग बच्चों द्वारा संचालित आशा ज्योति और पायसम के स्टॉल रहे। इसके अलावा मुबारकपुर की साड़ियों के स्टॉल ने भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया। आगंतुकों और छात्राओं ने खरीदारी तथा खानपान का आनंद लिया।

ओपन माइक में युवाओं ने दिखाई प्रतिभा

रंग दे बसंती संस्था की ओर से ओपन माइक सत्र आयोजित किया गया, जिसमें गायन, अभिव्यक्ति और विभिन्न रचनात्मक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं हुईं। प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं के विजेताओं को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

अतिथियों ने बताया संस्कृति और सकारात्मक ऊर्जा का उत्सव

विशिष्ट अतिथि विभा सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजन भारतीय संस्कृति और परंपराओं को जीवित रखने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने सांस्कृतिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने की आवश्यकता पर जोर दिया और भजन की प्रस्तुति भी दी।

संयोगिता सिंह चौहान ने कहा कि दीपोत्सव केवल बाहरी प्रकाश का पर्व नहीं, बल्कि यह मन में नई ऊर्जा और सकारात्मकता का संचार करता है। यही आंतरिक ऊर्जा जीवन और कार्यों को नई दिशा देने में सहायक होती है।

महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. मंजुला उपाध्याय ने कहा कि भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन की स्मृति से जुड़ी दीपावली की परंपरा सदियों से चली आ रही है। इस तरह के आयोजन छात्राओं में भारतीय संस्कारों, सांस्कृतिक मूल्यों और परंपराओं के प्रति सम्मान एवं जागरूकता विकसित करते हैं।

मुख्य अतिथि अपर्णा यादव ने मेले की सराहना करते हुए कहा कि बेटियां आज प्रत्येक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता के बल पर पहचान बना रही हैं। ऐसे आयोजन छात्राओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देते हैं और इन्हें निरंतर आयोजित किया जाना चाहिए।

युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने की पहल

रंग दे बसंती संस्था के समन्वयक विश्वदीप ने संस्था के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पहल जेन-जी के विचारों, समस्याओं और अपेक्षाओं को समझने का मंच है। इसका उद्देश्य युवाओं के साथ संवाद स्थापित करना, उन्हें सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना तथा भारतीय संस्कृति और परंपराओं को प्रोत्साहित करना है। संस्था की ओर से अविका सिंह चौहान और चंद्र भूषण बारोड ने आयोजन में सहयोग किया।

शिक्षिकाओं और गणमान्य लोगों की रही मौजूदगी

कार्यक्रम में अहिल्याबाई होलकर सांस्कृतिक समिति की समन्वयक प्रो. सीमा सरकार तथा समिति की सदस्य प्रो. सीमा पांडे, डॉ. स्नेहा चौधरी, डॉ. अणिमा अवस्थी, डॉ. रीमा छाबड़ा, डॉ. अपूर्वा अवस्थी, डॉ. क्षितिज शुक्ला, डॉ. सुकन्या तिवारी, डॉ. गरिमा मिश्रा और डॉ. किरण पांडे सहित महाविद्यालय की प्रवक्ताएं एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।

इसके अलावा कृष्णा देवी गर्ल्स कॉलेज की प्राचार्या सारिका दुबे, एपी सेन कॉलेज की शिक्षिकाएं, समाजसेवी पुनीता भटनागर और नवयुग इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या सीमा सिंह ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।

नवयुग दीपावली मेला उत्सव की खुशियां बांटने के साथ भारतीय संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तीकरण, युवा प्रतिभा और सामाजिक सहभागिता का संदेश देने वाला आयोजन बना।

Triangle News Lucknow — सच के साथ, सबसे आगे…

शेयर करें

विज्ञापन

Advertisement
Advertisement
Advertisement

संबंधित खबरें

501
पेज 41 / 84