शुक्रवार, 16 अक्टूबर 2026 |

व्यापारियों को राजनीतिक रूप से भी मजबूत होना होगा: संजय गुप्ता

Triangle News

2 days ago 19 views
व्यापारियों को राजनीतिक रूप से भी मजबूत होना होगा: संजय गुप्ता

जनता मार्केट, गोमती नगर में आदर्श व्यापार मंडल की नई टीम ने ली शपथ, व्यापारी हितों की रक्षा का संकल्प

विशेष रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट

राजधानी लखनऊ। गोमती नगर स्थित जनता मार्केट में उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल की नवगठित इकाई का शपथ ग्रहण समारोह एवं व्यापारी सम्मेलन आयोजित किया गया। मलिक टिम्बर चौराहे के पास स्थित जनता मार्केट परिसर में हुए कार्यक्रम में संगठन के प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों को व्यापारियों के हितों की रक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष करने की शपथ दिलाई।

समारोह में वरिष्ठ व्यापारी रमेश कुमार सिंह ने अध्यक्ष, अनुज कुमार वर्मा ने वरिष्ठ महामंत्री, सत्यनारायण तिवारी ने महामंत्री और नरेंद्र कुमार वर्मा ने कोषाध्यक्ष पद की शपथ ली।

‘मजबूत संगठन ही व्यापारियों का सुरक्षा कवच’

प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि मजबूत संगठन ही व्यापारियों का सुरक्षा कवच होता है। व्यापारी वर्ग समाज का जिम्मेदार और संवेदनशील हिस्सा होने के साथ देश की अर्थव्यवस्था की धुरी भी है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों के हितों की रक्षा करना संगठन की प्राथमिकता है और इसके लिए उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेगा।

संजय गुप्ता ने व्यापारियों से राजनीतिक रूप से भी मजबूत होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि व्यापारी समाज राजनीति में अपनी भागीदारी बढ़ाए, ताकि उनकी समस्याओं का समाधान प्रभावी ढंग से हो सके। उन्होंने आगामी चुनावों में जाति और धर्म से ऊपर उठकर व्यापारी हितों को ध्यान में रखते हुए मतदान करने तथा एक मजबूत व्यापारी वोट बैंक के रूप में अपनी पहचान स्थापित करने की अपील की।

उन्होंने व्यापारियों को व्यापार के साथ अपने स्वास्थ्य का भी ध्यान रखने की सलाह दी। साथ ही संगठन के पदाधिकारियों से व्यापारियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलने और उनके मान-सम्मान की रक्षा के लिए सक्रिय रहने को कहा।

नई कार्यकारिणी में इन्हें मिली जिम्मेदारी

जनता मार्केट, गोमती नगर इकाई की नवगठित टीम में रमेश कुमार सिंह को अध्यक्ष, अनुज कुमार वर्मा को वरिष्ठ महामंत्री, सत्यनारायण तिवारी को महामंत्री और नरेंद्र कुमार वर्मा को कोषाध्यक्ष बनाया गया।

अन्य पदाधिकारियों में सुशील कुमार सोनी को उपाध्यक्ष, राम गुप्ता को संयुक्त मंत्री, अजय शुक्ला और मोहम्मद सैफ को संगठन मंत्री, गिरीश चंद्र सिंह को मंत्री तथा पुष्पा साहू और विजय सिंह सनी को मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई।

इसके अलावा संजय मिश्रा को संयुक्त मंत्री, रवि चंद उमराव, राजेश सिंह, माला गुप्ता और मोहम्मद अफजल को कार्यकारिणी सदस्य तथा वरिष्ठ व्यापारी शंकर लाल पटवा को संरक्षक पद की जिम्मेदारी सौंपी गई।

प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए व्यापारी हितों के लिए सदैव तत्पर रहने का आह्वान किया।

संगठन के पदाधिकारी और व्यापारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में प्रदेश कोषाध्यक्ष मोहम्मद अफजल, प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष गुरप्रीत सिंह चड्ढा, लखनऊ नगर अध्यक्ष हरजिंदर सिंह, नगर वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. साकेत चतुर्वेदी और श्याम सुंदर अग्रवाल, नगर उपाध्यक्ष अंशु श्रीवास्तव, नगर महामंत्री राजीव शुक्ला तथा ट्रांस गोमती प्रभारी मनीष पांडे सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

सम्मेलन में जनता मार्केट और गोमती नगर के बड़ी संख्या में व्यापारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य व्यापारियों को संगठित करना, उनके हितों की रक्षा करना और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सामूहिक प्रयासों को मजबूत बनाना रहा।

Triangle News Lucknow — सच के साथ, सबसे आगे।

शेयर करें

जरूरी खबरें

संबंधित खबरें

200
पेज 11 / 34