स्मार्ट प्रीपेड मीटर पर बड़ा अपडेट! लाखों उपभोक्ताओं का बैलेंस निगेटिव, बिजली कनेक्शन कटने का खतरा; रिचार्ज के बाद बहाली में देरी पर मुआवजे का नियम भी चर्चा में
Triangle News
विशेष रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
राजधानी लखनऊ | Triangle News Lucknow
उत्तर प्रदेश में स्मार्ट प्रीपेड बिजली मीटर को लेकर उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ाने वाले आंकड़े सामने आए हैं। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, प्रदेश में करीब 4.7 लाख शहरी बिजली उपभोक्ताओं के प्रीपेड खातों में बैलेंस निगेटिव हो गया है। हालांकि, नेटवर्क और तकनीकी दिक्कतों के कारण इनमें से केवल 1.52 लाख कनेक्शन ही रिमोट माध्यम से काटे जा सके।
बताए गए आंकड़ों के मुताबिक, इन 1.52 लाख उपभोक्ताओं पर कुल 130.64 करोड़ रुपये बकाया है। ऐसे में स्मार्ट मीटर का बैलेंस, पुराने बकाये और रिचार्ज की प्रक्रिया उपभोक्ताओं के लिए अहम हो गई है।
मध्यांचल में 67 हजार से ज्यादा उपभोक्ताओं पर बकाया
आंकड़ों के अनुसार, मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (MVVNL) में 67,117 उपभोक्ताओं पर कुल 44.76 करोड़ रुपये बकाया बताया गया है। वहीं, MVVNL के क्षेत्र में करीब 17.9 लाख स्मार्ट मीटर होने के बावजूद केवल 3.16 लाख उपभोक्ताओं द्वारा UPPCL Smart App इंस्टॉल किए जाने की जानकारी दी गई है।
पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (PVVNL) में भी 2.02 लाख निगेटिव बैलेंस वाले मामले सामने आने की बात कही गई है। इनमें 56,672 उपभोक्ताओं पर कुल 30.93 करोड़ रुपये बकाया बताया गया है।