LDA की बड़ी अपडेट: प्रधानमंत्री आवास योजना के 147 आवेदकों की किस्मत का फैसला आज, सुबह 10 बजे निकलेगी लॉटरी
Triangle News
रिपोर्ट: राजेश सक्सेना | मान्या सक्सेना
राजधानी/लखनऊ। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) की बसंत कुंज योजना के सेक्टर-आई स्थित भवनों का आवंटन आज, 30 अक्टूबर 2026 को लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा। इस प्रक्रिया में 147 प्रतीक्षारत आवेदकों की किस्मत का फैसला होगा।
इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के प्लूटो हॉल में होगा ड्रॉ
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर लॉटरी आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के प्लूटो हॉल में सुबह 10 बजे से आवेदकों की उपस्थिति में लॉटरी ड्रॉ की पर्चियां निकाली जाएंगी। प्राधिकरण के अनुसार, पूरी प्रक्रिया नियमानुसार और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई जाएगी।
7 जनवरी से 8 फरवरी तक हुए थे ऑनलाइन आवेदन
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत बसंत कुंज योजना के सेक्टर-आई स्थित भवनों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण 7 जनवरी से 8 फरवरी 2026 के बीच खोला गया था। अब आवंटन की प्रक्रिया लॉटरी के जरिए पूरी की जाएगी।
घर बैठे भी देख सकेंगे लॉटरी का सीधा प्रसारण
आवंटन प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और अधिक से अधिक लोगों तक इसकी जानकारी पहुंचाने के लिए लॉटरी ड्रॉ का सीधा प्रसारण एलडीए के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर भी किया जाएगा। इससे आवेदक घर बैठे अपने भवन आवंटन की प्रक्रिया देख सकेंगे।
147 आवेदक… 30 अक्टूबर की लॉटरी… अब सबकी निगाहें अपने आशियाने के आवंटन पर!
TRIANGLE NEWS LUCKNOW
सच के साथ, सबसे आगे…
जनता की आवाज | निष्पक्ष पत्रकारिता | विश्वसनीय समाचार