शुक्रवार, 16 अक्टूबर 2026 |

मोहनलालगंज में एलडीए का बड़ा एक्शन, 15 बीघा में चल रही 4 अवैध प्लॉटिंग पर चला बुलडोजर

Triangle News

1 week ago 81 views
मोहनलालगंज में एलडीए का बड़ा एक्शन, 15 बीघा में चल रही 4 अवैध प्लॉटिंग पर चला बुलडोजर

रिपोर्ट: मंजरी श्रीवास्तव

ले-आउट मंजूरी के बिना चल रहा था प्लॉटिंग का खेल, एलडीए की प्रवर्तन टीम ने ध्वस्त किए निर्माण

लखनऊ। राजधानी में अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। मंगलवार को मोहनलालगंज क्षेत्र में प्रवर्तन टीम ने करीब 15 बीघा जमीन पर की जा रही 4 अवैध प्लॉटिंग को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया।

एलडीए के मुताबिक इन स्थलों पर प्राधिकरण से ले-आउट स्वीकृत कराए बिना सड़क और अन्य विकास कार्य कराकर अनियोजित तरीके से प्लॉटिंग की जा रही थी। कार्रवाई के दौरान मौके पर किए गए अवैध विकास कार्यों को ध्वस्त कर दिया गया।

इन इलाकों में हुई कार्रवाई

प्रवर्तन जोन-2 के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी ने बताया कि टीम ने मोहनलालगंज के ग्राम देवहा में बनी रोड और रानीखेड़ा-मौरावां रोड पर अभियान चलाया।

एलडीए के अनुसार कार्रवाई के दौरान ललित लोधी, श्वेता देवी अवस्थी, आदिल मोहम्मद व अन्य द्वारा करीब 15 बीघा क्षेत्रफल में की जा रही चार अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त किया गया।

न्यायालय के आदेश के बाद चला बुलडोजर

एलडीए अधिकारियों के अनुसार चारों अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ विहित प्राधिकारी न्यायालय द्वारा ध्वस्तीकरण के आदेश पारित किए गए थे। इन्हीं आदेशों के अनुपालन में मंगलवार को प्रवर्तन टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।

एलडीए ने स्पष्ट किया कि बिना स्वीकृत ले-आउट के की जा रही प्लॉटिंग और अनधिकृत विकास कार्यों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

अवैध प्लॉटिंग पर एलडीए की सख्ती

राजधानी के बाहरी इलाकों में तेजी से बढ़ रही अवैध प्लॉटिंग पर एलडीए की कार्रवाई को सख्ती के तौर पर देखा जा रहा है। प्राधिकरण की ओर से लोगों से भी अपील की जाती रही है कि जमीन खरीदने से पहले संबंधित योजना और ले-आउट की वैधता की जांच जरूर करें, ताकि बाद में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

शेयर करें

जरूरी खबरें

संबंधित खबरें

200
पेज 1 / 34