शनिवार, 17 अक्टूबर 2026 |

गोमती के उफान के बीच ‘प्रहरी’ बना ग्रीन कॉरिडोर, 5 लाख आबादी को बाढ़ से बड़ी राहत

Triangle News

1 week ago 59 views
गोमती के उफान के बीच ‘प्रहरी’ बना ग्रीन कॉरिडोर, 5 लाख आबादी को बाढ़ से बड़ी राहत

रिपोर्ट: राजेश सक्सेना

पिपराघाट से शहीद पथ और शहीद पथ से किसान पथ तक बन रहा 11 किलोमीटर लंबा बंधा, नदी का बढ़ा जलस्तर रोकने में साबित हो रहा सुरक्षा कवच

लखनऊ। राजधानी में भारी बारिश के बाद गोमती नदी का जलस्तर लगातार बढ़ा हुआ है। फैजुल्लागंज और आसपास के इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। वहीं, गोमती नगर विस्तार और सीजी सिटी समेत कई इलाकों के लिए ग्रीन कॉरिडोर के तहत बनाया जा रहा बंधा इस समय प्रहरी और सुरक्षा कवच की भूमिका निभाता नजर आ रहा है।

एलडीए के अनुसार, ग्रीन कॉरिडोर परियोजना के तहत गोमती नदी के किनारे करीब 28 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर का निर्माण कराया जा रहा है। इसके अंतर्गत पिपराघाट से शहीद पथ और शहीद पथ से किसान पथ के बीच करीब 11 किलोमीटर लंबाई में बंधे का निर्माण हो रहा है।

🚨 गोमती का जलस्तर बढ़ा, बंधे ने संभाला मोर्चा

शनिवार को जिलाधिकारी लखनऊ विशाख जी. और एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने रिवर फ्रंट समेत गोमती नदी के तटवर्ती क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान ग्रीन कॉरिडोर के अंतर्गत बन रहे बंधे की स्थिति का भी जायजा लिया गया।

एलडीए के मुताबिक, बंधे के निर्माण के कारण पुलिस मुख्यालय, मलेशेमऊ, सरसवां, गोमती नगर विस्तार और सीजी सिटी समेत आसपास के रिहायशी इलाकों को गोमती के बढ़े जलस्तर से राहत मिली है।

🛡️ करीब 5 लाख आबादी के लिए बना सुरक्षा कवच

एलडीए का दावा है कि करीब 5 लाख की आबादी वाले क्षेत्र को संभावित बाढ़ और जलभराव के संकट से इस बंधे के कारण बड़ी राहत मिली है। नदी का जलस्तर बढ़ने के बावजूद बंधा आसपास के रिहायशी क्षेत्रों के लिए सुरक्षा कवच के तौर पर काम कर रहा है।

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने कहा कि दुनिया के कई बड़े शहर नदियों के किनारे बसे हैं और वहां बाढ़ के खतरे को देखते हुए तटबंध व अन्य सुरक्षा संरचनाएं विकसित की गई हैं। लखनऊ में भी ग्रीन कॉरिडोर परियोजना के जरिए इसी दिशा में काम किया जा रहा है।

🏗️ अप्रैल 2027 तक पूरा होगा करीब ₹300 करोड़ का बंधा

ग्रीन कॉरिडोर के तीसरे चरण में पिपराघाट से शहीद पथ के बीच बंधे का निर्माण जनवरी 2026 में शुरू हुआ था। वहीं चौथे चरण में शहीद पथ से किसान पथ के बीच बंधे का काम अप्रैल 2026 में शुरू किया गया।

एलडीए के अनुसार करीब 300 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा यह बंधा अप्रैल 2027 तक पूरी तरह तैयार होने का लक्ष्य है।

फैजुल्लागंज के लिए भी तैयार होगा स्थायी सुरक्षा कवच

एलडीए के मुताबिक आईआईएम रोड से खदरा होते हुए हार्डिंग ब्रिज के बीच गोमती नदी के बाएं तटबंध पर भी बंधा बनाया जाएगा। करीब 182 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना से फैजुल्लागंज, दाऊद नगर, मामा कॉलोनी समेत आसपास के इलाकों में नदी के पानी से होने वाले जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान की उम्मीद है।

TRIANGLE NEWS LUCKNOW

“सच के साथ… सबसे आगे…”

शेयर करें

संबंधित खबरें

215
पेज 2 / 36