अनंत नगर योजना में 73 भूखंडों का लॉटरी से आवंटन, 1,414 आवेदकों के बीच हुआ ड्रा
Triangle News
रिपोर्ट: राजेश सक्सेना
इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में पारदर्शी तरीके से हुआ लॉटरी ड्रा, नाम की पर्ची निकलते ही आवेदकों के खिले चेहरे

लखनऊ। लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) की अनंत नगर आवासीय योजना में मंगलवार को 73 भूखंडों का लॉटरी के माध्यम से आवंटन किया गया। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के मार्स सभागार में आयोजित लॉटरी ड्रा में 1,414 आवेदकों के बीच पर्चियां निकाली गईं। जैसे ही आवेदकों के नाम की पर्चियां निकलीं, सफल आवेदकों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
इस आवंटन के साथ ही अनंत नगर योजना के पांचवें चरण में अब तक कुल 520 भूखंडों का आवंटन पूरा हो गया है।

आवेदकों से ही निकलवाई गईं पर्चियां
एलडीए की ओर से आयोजित लॉटरी प्रक्रिया में पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखा गया। आवेदकों की मौजूदगी में पर्चियां निकलवाई गईं और इसी आधार पर भूखंडों का आवंटन किया गया।

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि मोहान रोड स्थित अनंत नगर आवासीय योजना को करीब 785 एकड़ क्षेत्रफल में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप ग्रिड पैटर्न पर विकसित किया जा रहा है।
अनंत नगर में विकसित होगी एडुटेक सिटी
एलडीए के मुताबिक योजना में चौड़ी सड़कों के साथ निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए भूमिगत केबल बिछाई जा रही है। योजना के बड़े हिस्से में एडुटेक सिटी विकसित करने की योजना है।
इसके अलावा करीब 130 एकड़ भूमि पर पार्क और ग्रीन स्पेस विकसित किए जाएंगे। इससे योजना में आवासीय सुविधाओं के साथ हरित क्षेत्र और बेहतर सार्वजनिक सुविधाओं को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

पहले चार चरणों में करीब 1,700 भूखंडों का आवंटन
एलडीए के अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा ने बताया कि अनंत नगर योजना के पहले चार चरणों में लॉटरी के माध्यम से करीब 1,700 भूखंडों का आवंटन किया जा चुका है। इन चरणों में 35 हजार से अधिक आवेदकों ने भाग लिया था।
पांचवें चरण में आशीष खंड के कुल 520 भूखंडों के लिए 9 अगस्त से 9 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया संचालित की गई थी। इसके सापेक्ष कुल 8,727 आवेदन प्राप्त हुए थे।
दो दिन में 520 भूखंडों की लॉटरी प्रक्रिया पूरी
दो दिवसीय लॉटरी के पहले दिन सोमवार को 112.5 वर्गमीटर क्षेत्रफल वाले 447 भूखंडों का ड्रा 7,314 आवेदकों के बीच किया गया।
वहीं, मंगलवार को 200 वर्गमीटर के 35 भूखंड और 162 वर्गमीटर के 38 भूखंड, यानी कुल 73 भूखंडों का आवंटन 1,414 आवेदकों के बीच लॉटरी से किया गया।
एलडीए अधिकारियों के अनुसार लॉटरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब जल्द ही सफल आवेदकों को आवंटन पत्र जारी किए जाएंगे।
पारदर्शी लॉटरी से आवेदकों में उत्साह
अनंत नगर योजना के भूखंडों के आवंटन के दौरान बड़ी संख्या में आवेदक इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान पहुंचे। लॉटरी में अपना नाम निकलने के बाद सफल आवेदकों में उत्साह देखने को मिला। एलडीए की ओर से इसे योजना के पांचवें चरण के आवंटन की महत्वपूर्ण प्रक्रिया बताया गया है।