त्योहारों को लेकर अलर्ट डीसीपी दक्षिणी, लुलु मॉल और बड़ी रोटरी क्षेत्र में किया पैदल गश्त
Triangle News
धनतेरस, दीपावली, भाईदूज और छठ पूजा के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश
रिपोर्ट: राजेश सक्सेना | प्रियंशु सक्सेना
राजधानी/लखनऊ। आगामी त्योहारों धनतेरस, दीपावली, भाईदूज एवं छठ पूजा को सकुशल संपन्न कराने के लिए लखनऊ कमिश्नरेट पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। इसी क्रम में 5 नवंबर 2026 को पुलिस उपायुक्त दक्षिणी मोहम्मद मुश्ताक ने थाना सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र के लुलु मॉल और उसके आसपास स्थित बड़ी रोटरी क्षेत्र में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
प्रमुख स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश
पैदल गश्त के दौरान डीसीपी दक्षिणी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी त्योहारों के मद्देनजर क्षेत्र में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी सतर्कता बरती जाए। लुलु मॉल और आसपास के प्रमुख स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की ड्यूटी सुनिश्चित करने के साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर विशेष नजर रखने को कहा गया।
भीड़भाड़ वाले इलाकों और यातायात पर विशेष ध्यान
अधिकारियों को भीड़भाड़ वाले स्थानों पर प्रभावी पुलिस व्यवस्था और नियमित निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए गए। बड़ी रोटरी और आसपास के प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था सुचारु रखने तथा आमजन की सुरक्षा और सुविधा का विशेष ध्यान देने पर जोर दिया गया।
आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस को अलर्ट रहने के निर्देश
डीसीपी दक्षिणी ने पुलिसकर्मियों को अपने ड्यूटी पॉइंट पर जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ तैनात रहने के निर्देश दिए। साथ ही किसी भी आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी पुलिस प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने को कहा।
लखनऊ कमिश्नरेट के जोन दक्षिणी की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, आगामी त्योहारों के दौरान शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी और प्रभावी पुलिसिंग की जा रही है।
Triangle News Lucknow — सच के साथ, सबसे आगे…