फर्जी मुकदमों की वापसी की मांग को लेकर ऐक्टू का डीएम कार्यालय पर प्रदर्शन
Triangle News
आशा कर्मियों के बकाया प्रोत्साहन भुगतान और अन्य मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम सौंपा चार सूत्रीय ज्ञापन
लखनऊ। ऐक्टू और आइसा नेताओं पर दर्ज मुकदमों को वापस लेने की मांग को लेकर ऑल इंडिया सेंट्रल काउंसिल ऑफ ट्रेड यूनियन्स (ऐक्टू) के राज्यव्यापी आह्वान पर कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री को संबोधित चार सूत्रीय मांग पत्र जिला प्रशासन को सौंपा।
पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत अपराह्न में ऐक्टू के जिला मंत्री कुमार मधुसूदन मगन और उत्तर प्रदेश आशा वर्कर्स यूनियन की जिला अध्यक्ष कमला गौतम के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ता जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने ऐक्टू और आइसा नेताओं पर दर्ज मुकदमे वापस लेने, आशा कर्मियों को राज्य कर्मचारी का दर्जा देने और आंदोलनकारियों पर कथित दमनात्मक कार्रवाई बंद करने की मांग उठाई।
23 अक्टूबर की घटना को लेकर जताई नाराजगी
प्रदर्शन के दौरान आशा वर्कर्स यूनियन की जिला अध्यक्ष कमला गौतम, ऐक्टू के जिला सचिव कुमार मधुसूदन मगन और ऐपवा की जिला संयोजिका सरोजिनी बिष्ट ने आरोप लगाया कि 23 अक्टूबर को लखनऊ के ईको गार्डन में आशा कर्मियों के महाजुटान के दौरान लोकतांत्रिक तरीके से धरना-प्रदर्शन किया गया था। उनके अनुसार, कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त होने के बाद एक अन्य सरकारी यूनियन से जुड़ी कथित घटना में ऐक्टू और आइसा नेताओं को जोड़ते हुए पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया।
वक्ताओं ने इस कार्रवाई को अनुचित बताते हुए संबंधित मुकदमे को वापस लेने की मांग की। हालांकि, इस मामले में पुलिस और संबंधित पक्ष का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है।
आशा कर्मियों के बकाया भुगतान और सुविधाओं की मांग
मुख्यमंत्री को भेजे गए ज्ञापन में आशा कर्मियों और संगिनी के वर्षों से लंबित प्रोत्साहन भुगतान को दीपावली से पहले कराने की मांग की गई। इसके अलावा स्वास्थ्य मंत्री और मिशन निदेशक के बीच वार्ता के दौरान जिन बिंदुओं पर सहमति बनी थी, उन्हें लागू करने की मांग उठाई गई।
ज्ञापन में प्रदेश के प्रत्येक गांव में आशा, संगिनी और एएनएम के कार्य निष्पादन के लिए एक क्वार्टर की व्यवस्था करने की मांग भी शामिल रही।
कई संगठनों के कार्यकर्ता रहे मौजूद
प्रदर्शन में इनौस के राज्य सहसचिव राजीव गुप्ता, निर्माण मजदूर यूनियन की अध्यक्ष मंजू गौतम, ऐपवा नेत्री सुमन सेंगर, सरिता, सुदामा, लज्जावती, प्रेमा, तुलसी सोनकर, तारावती, अंजली, मंसूरा, राम अनुज ओझा और रामदेवी सहित विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रदर्शनकारियों ने मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की अपील करते हुए कहा कि मुकदमों की वापसी और आशा कर्मियों की समस्याओं का समाधान किया जाना चाहिए।
Triangle News Lucknow — सच के साथ, सबसे आगे…