शुक्रवार, 6 नवम्बर 2026 |
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

जनगणना प्रशिक्षण से 43 विभागों के 1,018 कर्मचारी गायब! नगर आयुक्त ने कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी को भेजा पत्र

Triangle News

1 day ago 64 views
जनगणना प्रशिक्षण से 43 विभागों के 1,018 कर्मचारी गायब! नगर आयुक्त ने कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी को भेजा पत्र

रिपोर्ट: Rajesh Saxena | Manya Saxena

लखनऊ। भारत की जनगणना-2027 की तैयारियों के बीच राजधानी लखनऊ में कर्मचारियों की लापरवाही का बड़ा मामला सामने आया है। जनगणना के द्वितीय चरण के प्रशिक्षण में 43 विभागों के कुल 1,018 कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर आयुक्त एवं अपर प्रमुख जनगणना अधिकारी गौरव कुमार ने जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी को पत्र भेजकर अनुपस्थित कर्मचारियों के साथ जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।

बेसिक शिक्षा विभाग सबसे आगे, 234 कर्मचारी अनुपस्थित

विभागवार आंकड़ों में सबसे अधिक गैरहाजिरी बेसिक शिक्षा विभाग की रही, जहां 234 कर्मचारी प्रशिक्षण में शामिल नहीं हुए। इसके बाद लोक निर्माण विभाग के 93, जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के 81, बाल विकास पुष्टाहार विभाग के 81 और चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के 80 कर्मचारी अनुपस्थित रहे।

वहीं मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के 66 और सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग (नलकूप) के 62 कर्मचारी प्रशिक्षण में नहीं पहुंचे।

LDA के 32 और RDSO के 22 कर्मचारी भी नहीं पहुंचे

अन्य विभागों की बात करें तो लखनऊ विकास प्राधिकरण के 32, जिला उद्यान अधिकारी कार्यालय के 29, मुख्य वन संरक्षक कार्यालय के 28 और अनुसंधान अभिकल्प एवं मानक संगठन (RDSO) के 22 कर्मचारी प्रशिक्षण से अनुपस्थित पाए गए। इसके अलावा अन्य विभागों के कर्मचारियों की गैरहाजिरी भी दर्ज की गई है।

जनगणना कार्य प्रभावित होने की आशंका

नगर आयुक्त की ओर से भेजे गए पत्र में उल्लेख किया गया है कि लखनऊ की आबादी और नगर निगम का क्षेत्र काफी विस्तृत है। जनगणना का कार्य बड़ी संख्या में कर्मचारियों के माध्यम से कराया जाना है। ऐसे में प्रशिक्षण में कर्मचारियों की अनुपस्थिति से जनगणना की तैयारियों और कार्य की प्रक्रिया प्रभावित होने की आशंका है।

पत्र के अनुसार, जोनल चार्ज अधिकारियों और नगर निगम स्तर से संबंधित विभागाध्यक्षों को पहले ही पत्र भेजकर कर्मचारियों को प्रशिक्षण में भेजने के लिए कहा गया था। इस संबंध में बातचीत भी की गई, लेकिन इसके बावजूद कई विभागों की ओर से कर्मचारियों को प्रशिक्षण के लिए कार्यमुक्त नहीं किया गया।

जनगणना अधिनियम के तहत कार्रवाई की मांग

नगर आयुक्त गौरव कुमार ने जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी से जनगणना अधिनियम-1948 की धारा 11 के तहत अनुपस्थित कर्मचारियों और जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित कराने के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित करने का अनुरोध किया है।

अब देखना होगा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में प्रशिक्षण से अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों और संबंधित विभागों के जिम्मेदार अधिकारियों पर प्रशासन क्या कदम उठाता है।

Triangle News Lucknow | सच के साथ, सबसे आगे…

शेयर करें

विज्ञापन

Advertisement
Advertisement
Advertisement

संबंधित खबरें

501
पेज 50 / 84