शुक्रवार, 16 अक्टूबर 2026 |

14 दिन बाद केली कुंज पहुंचे संत प्रेमानंद महाराज, अचानक दर्शन पाकर भावुक हुए श्रद्धालु

Triangle News

1 week ago 82 views
14 दिन बाद केली कुंज पहुंचे संत प्रेमानंद महाराज, अचानक दर्शन पाकर भावुक हुए श्रद्धालु

वृंदावन: संत प्रेमानंद महाराज गुरुवार सुबह करीब 5 बजे वृंदावन स्थित केली कुंज आश्रम पहुंचे। साधक रसिक दुलारी शरण के निधन के करीब दो सप्ताह बाद उनके केली कुंज पहुंचने की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु उनकी एक झलक पाने के लिए वहां जुट गए। महाराज के अचानक आश्रम पहुंचने से उनके अनुयायियों में खुशी का माहौल दिखाई दिया।

संत प्रेमानंद महाराज अपने परिकर के साथ मांट क्षेत्र के जहांगीरपुर खादर स्थित यमुना बिहार कुंज आश्रम से रवाना होकर केली कुंज पहुंचे थे। उनके आश्रम पहुंचते ही वहां मौजूद भक्तों में उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालु महाराज के दर्शन के लिए आतुर नजर आए और राधे-राधे तथा श्री हरिवंश के जयघोष करने लगे।

कुछ मिनट केली कुंज में रुके महाराज

जानकारी के मुताबिक, संत प्रेमानंद महाराज केली कुंज आश्रम में करीब 5 से 10 मिनट तक रुके। इसके बाद वह वाराह घाट स्थित अपने गुरु श्री हित गोविंद शरण महाराज के आश्रम पहुंचे।

गुरु के आश्रम में उन्होंने करीब पांच मिनट तक दर्शन किए। इसके बाद संत प्रेमानंद महाराज वापस यमुना बिहार कुंज आश्रम के लिए रवाना हो गए।

रसिक दुलारी शरण के निधन के बाद पहली बार पहुंचे

संत प्रेमानंद महाराज के साधक रसिक दुलारी शरण का 25 सितंबर को निधन हो गया था। इसके बाद से केली कुंज आश्रम को लेकर भी अलग-अलग तरह की चर्चाएं सोशल मीडिया पर चल रही थीं।

रसिक दुलारी शरण की मौत को लेकर उनके परिवार की ओर से भी सवाल उठाए गए थे। परिवार ने उनकी मौत को लेकर संदेह जताते हुए मामले की गहराई से जांच की मांग की थी। घटना के बाद सोशल मीडिया पर भी कई तरह के दावे और चर्चाएं सामने आई थीं।

महाराज के दर्शन के बाद सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाएं

गुरुवार को संत प्रेमानंद महाराज के केली कुंज पहुंचने की खबर सामने आने के बाद उनके अनुयायियों ने सोशल मीडिया पर इसे लेकर कई पोस्ट साझा कीं। भक्तों ने महाराज के दर्शन को लेकर खुशी जताई और कहा कि उनके केली कुंज पहुंचने से लंबे समय से चल रही कई तरह की चर्चाओं पर विराम लगा है।

कुछ सोशल मीडिया पोस्ट में यह दावा किया जा रहा था कि संत प्रेमानंद महाराज केली कुंज से हमेशा के लिए दूर होकर एकांतवास में चले गए हैं। हालांकि, गुरुवार को उनके आश्रम पहुंचने और भक्तों को दर्शन देने के बाद इन दावों को लेकर सोशल मीडिया पर फिर चर्चा शुरू हो गई।

महाराज के अचानक केली कुंज पहुंचने की खबर से वृंदावन में उनके अनुयायियों के बीच उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने इसे उनके लिए भावुक और आनंद का क्षण बताया।

शेयर करें

जरूरी खबरें

संबंधित खबरें

200
पेज 1 / 34