रविवार, 1 नवम्बर 2026 |

यूपी की सियासत में INDIA गठबंधन में घमासान! अखिलेश की 'NO ENTRY' के बाद राजेंद्र पाल गौतम का अलग रुख, स्वामी प्रसाद मौर्य पर बढ़ी तकरार

Triangle News

1 day ago 76 views
यूपी की सियासत में INDIA गठबंधन में घमासान! अखिलेश की 'NO ENTRY' के बाद राजेंद्र पाल गौतम का अलग रुख, स्वामी प्रसाद मौर्य पर बढ़ी तकरार

विशेष रिपोर्ट

राजेश सक्सेना | मान्या सक्सेना

राजधानी/लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले INDIA गठबंधन के भीतर सियासी खींचतान के संकेत मिलने लगे हैं। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य की गठबंधन में एंट्री को लेकर साफ इनकार कर दिया है। वहीं, उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम का रुख इस मुद्दे पर अखिलेश यादव से अलग नजर आ रहा है।

अखिलेश यादव ने साफ कहा- गठबंधन में शामिल नहीं हैं मौर्य

30 अक्टूबर को लखनऊ में समाजवादी पार्टी कार्यालय पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव से स्वामी प्रसाद मौर्य के INDIA गठबंधन में शामिल होने को लेकर सवाल किया गया। इस पर उन्होंने स्पष्ट कहा कि स्वामी प्रसाद मौर्य उनके गठबंधन में शामिल नहीं हैं और वह उनकी सीटों की गिनती में शामिल नहीं हो सकते। उन्होंने कहा, "इग्नोर करो, अवॉइड करो।"

राजेंद्र पाल गौतम ने पहले ही जताई थी सहमति

दूसरी तरफ कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम पहले ही स्वामी प्रसाद मौर्य की पार्टी को कांग्रेस के साथ गठबंधन में शामिल करने की बात कह चुके हैं। उन्होंने कहा था कि स्वामी प्रसाद मौर्य की पार्टी INDIA गठबंधन के साथ रहेगी और 2027 का विधानसभा चुनाव कांग्रेस के साथ मिलकर लड़ेगी।

राजेंद्र पाल गौतम के इस रुख और अखिलेश यादव के ताजा बयान के बीच दोनों दलों की रणनीति को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

राहुल गांधी से मुलाकात के बाद बढ़ी थी चर्चा

गौरतलब है कि स्वामी प्रसाद मौर्य ने अक्टूबर की शुरुआत में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा से मुलाकात की थी। इसके बाद उन्होंने अपनी पार्टी के INDIA गठबंधन में शामिल होने की घोषणा की थी। मौर्य ने राहुल गांधी को देश का प्रधानमंत्री देखने की इच्छा भी जताई थी।

2027 से पहले गठबंधन की चुनौती

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे तथा छोटे सहयोगी दलों को साथ लाने का मुद्दा अहम होता जा रहा है। ऐसे में स्वामी प्रसाद मौर्य को लेकर अखिलेश यादव और कांग्रेस नेतृत्व के अलग-अलग रुख से गठबंधन की आगे की रणनीति पर चर्चा तेज हो गई है।

अब निगाहें इस बात पर रहेंगी कि कांग्रेस नेतृत्व इस मुद्दे पर क्या रुख अपनाता है और क्या INDIA गठबंधन में सहयोगी दलों के बीच इस मतभेद का कोई समाधान निकलता है।

Triangle News Lucknow

सच के साथ, सबसे आगे…

शेयर करें

संबंधित खबरें

439
पेज 13 / 74