रविवार, 25 अक्टूबर 2026 |

एमपीआईडीसी के कार्यपालिक निदेशक हिमांशु प्रजापति भी उपस्थिती में : पीथमपुर में सीएसआर कार्यों को लेकर हुई महत्वपूर्ण बैठक, कलेक्टर ने उद्योगों से सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया

Triangle News

4 months ago 282 views
पीथमपुर में सीएसआर कार्यों को लेकर हुई महत्वपूर्ण बैठक, कलेक्टर ने उद्योगों से सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया

धार,मध्यप्रदेश । जिले के पीथमपुर मे निर्यात भवन में कलेक्टर प्रियंक मिश्रा की अध्यक्षता में विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित हुई, जिसमें कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) के तहत किए जा रहे तथा आगामी कार्यों पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में एमपीआईडीसी के कार्यपालिक निदेशक हिमांशु प्रजापति भी उपस्थित रहे।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि सीएसआर कार्यों के चयन में जिले की वास्तविक जरूरतों के अनुरूप प्राथमिकताएं तय करना आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कई योजनाएँ सरकारी मद से भी संचालित होती हैं, इसलिए उद्योगों और प्रशासन के बीच समन्वय आवश्यक है ताकि कार्यों में ओवरलैपिंग न हो। उन्होंने उद्योग प्रतिनिधियों से सुझाव साझा करने और आवश्यकतानुसार संयुक्त रूप से कार्य करने का आग्रह किया।

बैठक में विभिन्न कंपनियों द्वारा किए गए उल्लेखनीय सीएसआर कार्यों की सराहना की गई। कलेक्टर ने वेकमेट द्वारा दिगठन क्षेत्र के लिए दी गई एम्बुलेंस तथा महिन्द्रा द्वारा आईटीआई में स्थापित ईवी लैब को उत्कृष्ट पहल बताया। ब्रिजस्टोन,लुपिन, सिप्ला और अन्य कंपनियों की ओर से शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यावरण क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों को भी प्रशंसनीय बताया गया।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र में पर्यावरण सुधार को लेकर उद्योगों की सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया। उन्होंने फायर सेफ्टी को क्षेत्र की महत्वपूर्ण आवश्यकता बताते हुए कहा कि उद्योगों को आगजनी से बचाव के लिए विशेष तैयारी करनी चाहिए।

बैठक में सीएसआर के तहत संभावित कार्यों पर भी चर्चा हुई जिनमें अस्पताल वार्डों का उन्नयन, बगड़ून तालाब का सौंदर्यीकरण, मिनी स्टेडियम निर्माण तथा फुटबॉल और बैडमिंटन सुविधाओं का विस्तार शामिल हैं। शिक्षा के क्षेत्र में स्मार्ट क्लास, ग्रामीण परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने तथा कौशल विकास के लिए आईटीआई में सहयोग की संभावनाओं पर भी विचार हुआ। सागोर स्कूल में प्रतिभा सिंटैक्स द्वारा संचालित ड्रेस डिजाइनिंग और कंप्यूटर कोर्स को भी एक सफल पहल के रूप में प्रस्तुत किया गया।

कलेक्टर ने बैठक में सुझाव दिया कि पीथमपुर में वार्षिक खेल आयोजन प्रारंभ किया जा सकता है, जिससे स्थानीय युवाओं को मंच मिलेगा और खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही, मेडिकल नीट (NEET) सहित अन्य प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं में सफल आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों की उच्च शिक्षा को उद्योगों द्वारा प्रायोजित करने को कहा गया। कलेक्टर ने कहा कि यह पहल प्रतिभाशाली युवाओं के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

बैठक के दौरान उद्योग प्रतिनिधियों ने जिले के सर्वांगीण विकास में सहयोग जारी रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। कलेक्टर मिश्रा ने कहा कि शिक्षा, खेल, स्वास्थ्य, पर्यावरण और कौशल विकास जैसे क्षेत्रों में उद्योगों की संयुक्त पहल धार,पीथमपुर को एक उदाहरणीय औद्योगिक क्षेत्र के रूप में स्थापित कर सकती है।

शेयर करें

जरूरी खबरें

संबंधित खबरें

466
पेज 2 / 78