KBC 18 के सेट पर फिसले अमिताभ बच्चन, घुटने में लगी चोट; बैठकर करना पड़ा मोनोलॉग
Triangle News
मुंबई: बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन इन दिनों टीवी के लोकप्रिय क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ को होस्ट कर रहे हैं। शो के हालिया एपिसोड में उन्होंने अपनी चोट से जुड़ी जानकारी दर्शकों के साथ साझा की। अमिताभ ने बताया कि शूटिंग के दौरान फिसलने की वजह से उनके बाएं घुटने में चोट लग गई थी।
दरअसल, अमिताभ बच्चन शो में अक्सर दौड़ते हुए मंच पर पहुंचते हैं और इसके बाद खड़े होकर अपना मोनोलॉग प्रस्तुत करते हैं। हालांकि इस बार उनकी एंट्री का अंदाज थोड़ा अलग नजर आया। वह सीधे अपनी सीट पर पहुंचे और बैठकर दर्शकों से बातचीत शुरू की।
अमिताभ ने बताया कि आमतौर पर वह खड़े होकर मोनोलॉग करते हैं, लेकिन घुटने में लगी चोट के कारण इस बार उन्हें बैठकर ही मोनोलॉग करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि एक दिन पहले शूटिंग के दौरान उनका पैर फिसल गया था, जिसके बाद उनके बाएं घुटने में चोट आई।
हालांकि अभिनेता ने यह भी स्पष्ट किया कि चोट बहुत गंभीर नहीं है। उन्होंने कहा कि कंटेस्टेंट्स के साथ गेम को होस्ट करने के लिए वह खड़े होंगे, लेकिन मोनोलॉग बैठकर ही करेंगे क्योंकि फिलहाल लंबे समय तक खड़े रहने में परेशानी हो रही है।
अमिताभ की चोट के बारे में सुनकर शो में मौजूद दर्शकों ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। अभिनेता ने भी अपने अंदाज में शो को आगे बढ़ाया और कंटेस्टेंट्स के साथ बातचीत की।
बेटे अभिषेक के साथ रिश्ते पर भी लिख चुके हैं अमिताभ
अमिताभ बच्चन सोशल मीडिया के साथ-साथ अपने ब्लॉग के जरिए भी अपने विचार साझा करते रहते हैं। हाल ही में उन्होंने बेटे अभिषेक बच्चन के साथ रिश्ते को लेकर एक भावनात्मक बात लिखी थी। उन्होंने पिता-पुत्र के अलग-अलग विचार होने के बावजूद एक समान मंजिल की ओर बढ़ने की बात कही थी।
अमिताभ बच्चन के पास कई बड़े प्रोजेक्ट
83 साल की उम्र में भी अमिताभ बच्चन फिल्मों और टेलीविजन में लगातार सक्रिय हैं। आने वाले समय में वह कोर्टरूम ड्रामा फिल्म ‘सेक्शन 84’ में नजर आएंगे। इस फिल्म का निर्देशन रिभु दासगुप्ता कर रहे हैं। फिल्म में अमिताभ के साथ डायना पेंटी, निमरत कौर और अभिषेक बनर्जी भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
इसके अलावा अमिताभ बच्चन ‘कल्कि 2898 एडी’ की अगली कड़ी में भी नजर आएंगे। इस साइंस-फिक्शन फ्रेंचाइजी में वह अश्वत्थामा का किरदार निभा रहे हैं। फिल्म के पहले भाग में अमिताभ के साथ प्रभास, दीपिका पादुकोण और कमल हासन जैसे कलाकार दिखाई दिए थे।
अमिताभ बच्चन के आगामी प्रोजेक्ट्स में ‘आंखें 2’ भी शामिल है। इस तरह टीवी शो के साथ-साथ बड़े पर्दे पर भी अभिनेता की सक्रियता लगातार बनी हुई है।